जालंधर: पंजाब में सरकारी इमारतों और प्राइवेट स्कूलों को निशाना बनाने और धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जालंधर में लगातार घट रही इन घटनाओं ने प्रशासन और आम जनता की नींद उड़ा दी है। हाल ही में बीएसएफ चौक के पास एक एक्टिवा में हुए एलईडी धमाके के बाद पुलिस महकमा पहले से ही अलर्ट मोड पर है, लेकिन इस घटना को अभी महज दो दिन ही बीते थे कि अब शहर के एक प्रतिष्ठित प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
ई-मेल के जरिए मिली धमकी, बच्चों को तुरंत भेजा गया घर
जानकारी के अनुसार, जालंधर के सविधान चौक (बीएमसी चौक) पर स्थित मशहूर एपीजे स्कूल को एक ई-मेल के जरिए यह बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस खौफनाक सूचना के मिलते ही स्कूल परिसर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। खतरे की गंभीरता को भांपते हुए स्कूल प्रबंधन ने बिना कोई देरी किए एहतियात के तौर पर एक बड़ा कदम उठाया। स्कूल में तुरंत छुट्टी का ऐलान कर दिया गया और सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा, तलाशी अभियान जारी
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत हरकत में आईं और मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। पूरे स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और संबंधित विभागों को भी तुरंत अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीमें पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई हैं और बम निरोधक दस्ते की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, पुलिस के लिए अभी राहत की बात यह है कि सघन जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस अब ई-मेल के सोर्स का पता लगाने में जुटी है।

Following the blast at BSF Chowk in Jalandhar, a renowned school now receives a bomb threat








