खन्ना: लुधियाना स्थित खन्ना पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े और दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तथाकथित ‘फर्जी डीएसपी’ करणवीर शर्मा को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव कद्दों का रहने वाला है और अदालत में पेश न होने के चलते कोर्ट ने उसे भगोड़ा (PO) घोषित कर रखा था। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और फर्जीवाड़े के काले चिट्ठे खंगाले जा रहे हैं।
वर्दी का रौब दिखाकर महिला से की थी दरिंदगी
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी करणवीर शर्मा पुलिस की नकली वर्दी पहनकर सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शरीक होता था, ताकि इलाके में उसका रौब बना रहे। इसी फर्जी पहचान और रुतबे की आड़ में उसने एक महिला को अपने झांसे में लिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर साल 2020 में उसके खिलाफ दुष्कर्म का संगीन मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद से वह लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।
श्रीनगर में भी नकली अफसर बनकर घूमते धरा गया था
करणवीर का पुराना आपराधिक इतिहास भी काफी चौंकाने वाला रहा है। साल 2024 में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर अंतर्गत नेहरू पार्क इलाके में भी वह पुलिस की वर्दी पहनकर एक अन्य युवक के साथ घूमते हुए पकड़ा गया था। वहां गश्त कर रही श्रीनगर पुलिस को उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ और जब कड़ाई से दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध पहचान पत्र पेश नहीं कर सका। इसके बाद श्रीनगर पुलिस ने दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की थी।
सुरक्षा और गनमैन पाने के लिए खुद को दिलवाई थी धमकी
इतना ही नहीं, करणवीर के खिलाफ दोराहा थाना क्षेत्र में भी एक गंभीर मामला दर्ज है। उस पर आरोप था कि उसने पुलिस से सरकारी गनमैन और सुरक्षा हासिल करने के लिए खुद को ही फर्जी धमकियां दिलवाई थीं। हालांकि, तकनीकी जांच और साइबर सेल की पड़ताल में उसका यह फर्जीवाड़ा बेनकाब हो गया था। बताया जाता है कि आरोपी कबड्डी से जुड़े एक चर्चित परिवार से ताल्लुक रखता है और खुद भी खिलाड़ी रह चुका है। पुलिस अब रिमांड लेकर यह पता लगा रही है कि उसने नकली डीएसपी बनकर और कितने लोगों को चूना लगाया है।


‘Fake DSP’ of Punjab Police arrested in a rape case involving a woman; he had committed the assault by deceiving the victim




