नई दिल्ली: कुत्ते का काटना ही नहीं, बल्कि खेलते वक्त पंजे की एक हल्की सी खरोंच या कटे हुए स्थान पर कुत्ते की लार लगना भी किसी इंसान की जान ले सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के चौंकाने वाले आंकड़ों के मुताबिक, रेबीज की चपेट में आकर जान गंवाने वालों में 40 फीसदी बच्चे 15 साल से कम उम्र के होते हैं। इंसानों में रेबीज के 99 प्रतिशत मामले कुत्तों के काटने या खरोंचने से ही फैलते हैं। लोगों को इस जानलेवा बीमारी के प्रति जागरूक करने के मकसद से हर साल 28 सितंबर को ‘वर्ल्ड रेबीज डे’ (World Rabies Day) मनाया जाता है, जिसकी इस वर्ष की थीम ‘स्ट्रॉन्गर टुगेदर’ रखी गई है।
लक्षण दिखते ही मौत तय, सेंट्रल नर्वस सिस्टम पर करता है हमला
रेबीज एक बेहद खतरनाक जूनोटिक (जानवरों से इंसानों में फैलने वाला) वायरल संक्रमण है, जिसका दायरा एशिया और अफ्रीका के देशों में सबसे अधिक है। डब्ल्यूएचओ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि रेबीज का वायरस इंसान के सेंट्रल नर्वस सिस्टम (केंद्रीय तंत्रिका तंत्र) तक पहुंच गया और इसके लक्षण शरीर में उभर आए, तो मरीज की मौत 100 फीसदी निश्चित होती है; यानी इसका कोई इलाज संभव नहीं है। हालांकि, वायरस के तंत्रिका तंत्र तक पहुंचने से पहले तुरंत सही समय पर ‘पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस’ (PEP) यानी एंटी-रेबीज वैक्सीन देकर मरीज की जिंदगी को बचाया जा सकता है।
लार और खरोंच को न समझें मामूली, ये गलतियां साबित हो सकती हैं घातक
पालतू या आवारा कुत्तों के साथ रहते हुए लोग अक्सर दो बड़ी गलतियां कर बैठते हैं, जो मौत का कारण बन जाती हैं। पहली लापरवाही त्वचा पर कुत्ते की लार लगना है। अगर त्वचा पर पहले से कोई छोटा घाव, कट या छिला हुआ निशान है और उस पर कुत्ते की लार लग जाती है, तो वायरस सीधे खून के जरिए शरीर में दाखिल हो सकता है। दूसरी बड़ी चूक है खेलने के दौरान कुत्ते के नाखून से आई हल्की खरोंच या मामूली दांत लगने को नजरअंदाज करना। लोग इसे सामान्य मानकर छोड़ देते हैं और इंजेक्शन लगवाने नहीं जाते, जबकि यह छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।
काटने या खरोंच पर फौरन करें ये काम, बच जाएगी जान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कुत्ता काट ले, हल्का दांत गड़ा दे या केवल खरोंच भी मार दे, तो बिना एक पल गंवाए घाव को नल के बहते पानी और साबुन से लगातार 10 से 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए। ऐसा करने से घाव की सतह पर मौजूद वायरस का एक बड़ा हिस्सा साफ हो जाता है। इसके तुरंत बाद नजदीकी अस्पताल जाकर रेबीज के टीके की पहली डोज लगवानी चाहिए और डॉक्टर द्वारा तय किए गए पूरे वैक्सीनेशन शेड्यूल का सख्ती से पालन करना चाहिए। समय पर टीकाकरण और कुत्तों की नियमित वैक्सीन ही इस जानलेवा वायरस से बचाव का एकमात्र पुख्ता रास्ता है।


Even a dog scratch could prove costly; WHO warns—rabies means 100% fatality




