धनौला: मंडी धनौला के बड़ा डेरा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पुरानी रंजिश के चलते कुछ दबंगों ने एक व्यक्ति को ट्रैक्टर के हल के नीचे बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस खूनी खेल को हमलावरों ने मृतक के दो सगे बेटों के सामने ही अंजाम दिया, जो अपनी जान बचाने के लिए दूर भागकर चीखते-चिल्लाते रहे।
खेत जोतने गए थे पिता
मृतक तेजिंदर दास बावा के बेटे रमन ने रोते हुए इस पूरी वारदात का खुलासा किया है। रमन के मुताबिक, उसके पिता तेजिंदर दास (पुत्र राल्हा दास) कल शाम मस्कट स्कूल के पास स्थित गाँव अतरगढ़ में अपना खेत जोतने के लिए गए थे। उस समय रमन और उसका छोटा भाई भी अपने पिता की मदद करने के लिए खेत में ही मौजूद थे। इसी दौरान गाँव अतरगढ़ के ही रहने वाले भोला, टीटू और गांधी नाम के तीन लोग अचानक वहाँ धमक पड़े।
बेटों को मारने के लिए दौड़ाया, फिर पिता पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर का हल
पीड़ित बेटे रमन ने पुलिस को बताया कि आरोपी भोला, टीटू और गांधी का उसके पिता तेजिंदर दास के साथ पहले से ही किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। खेत पहुँचते ही तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। झगड़ा बढ़ता देख दोनों भाई डर के मारे जान बचाने के लिए दूर भाग गए। हमलावरों ने दोनों भाइयों को भी जान से मारने की नीयत से उनका पीछा किया। जब आरोपी वहाँ से भाग निकले, तो दोनों भाइयों ने वापस ट्रैक्टर के पास जाकर देखा। वहाँ का मंजर देखकर उनकी रूह काँप गई; उनके पिता तेजिंदर दास का शव ट्रैक्टर के हल के नीचे क्षत-विक्षत हालत में कुचला हुआ पड़ा था।
पुलिस ने शुरू की हत्यारों की तलाश
इस खौफनाक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और लोगों में भारी गुस्सा है। मृतक के बेटों और परिवार ने पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि उनके पिता के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Enemies lying in wait in Punjab launched an attack, brutally crushing a father to death with a tractor








