You are currently viewing नशे में धुत पुलिसकर्मी ने 2 लोगों को मारी टक्कर, पैरों में लेडीज चप्पल देख लोगों का भी चकराया सिर; भागने के चक्कर में दो जगह किया एक्सीडेंट

नशे में धुत पुलिसकर्मी ने 2 लोगों को मारी टक्कर, पैरों में लेडीज चप्पल देख लोगों का भी चकराया सिर; भागने के चक्कर में दो जगह किया एक्सीडेंट

चंडीगढ़: शहर में वीरवार रात एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां शराब के नशे में बुरी तरह धुत चंडीगढ़ पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने तेज रफ्तार कार से पहले एक एक्टिवा सवार को जोरदार टक्कर मारी और फिर मौके से भागने की कोशिश में एक अन्य एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद लोगों को सबसे ज्यादा हैरानी तब हुई जब उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी को गाड़ी से बाहर निकाला। नशे में टल्ली इस कांस्टेबल ने एक पैर में लेडीज फुटवियर और दूसरे में स्लीपर पहना हुआ था। पुलिस वाले का यह अजीबोगरीब हुलिया देखकर गुस्से में आगबबूला भीड़ भी हैरान रह गई और उसकी हालत पर सवाल उठाने लगी।

हादसे में युवक का हाथ टूटा, पीछा कर लोगों ने दबोचा

यह पूरी घटना वीरवार देर रात की है। जानकारी के मुताबिक, कुलदीप चंद नाम का युवक अपनी एक्टिवा से सिविल अस्पताल के पीछे पॉकेट नंबर-1 स्थित सरकारी स्कूल के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही आरोपी की तेज रफ्तार वेन्यू कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कुलदीप सड़क पर गिर पड़े और उनके दाएं हाथ में गंभीर रूप से फ्रैक्चर आ गया। हादसे के बाद आरोपी कांस्टेबल ने रुकने के बजाय गाड़ी भगा ली, लेकिन मोरी गेट बाजार के पास उसने एक और एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद पीछा कर रहे स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया और मनीमाजरा थाना पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान हेड कांस्टेबल जयपाल के रूप में हुई है।

सड़क पर फूटा जनता का गुस्सा, पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

हादसे और उसके बाद हुए इस ड्रामे को लेकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा। आक्रोशित लोगों का कहना था कि जब जनता की सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस ही शराब पीकर सड़कों पर आम लोगों को कुचलेगी, तो भला किस पर भरोसा किया जाए। मौके पर मौजूद भीड़ ने पुलिस महकमे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर यही गलती किसी आम आदमी ने की होती, तो पुलिस तुरंत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज देती। लेकिन जब कोई पुलिसकर्मी ऐसी वारदात करता है, तो विभाग अक्सर सिर्फ ‘लाइन हाजिर’ जैसी हल्की कार्रवाई करके मामले को रफा-दफा करने की कोशिश करता है।

Drunken Policeman Hits Two People; Onlookers Left Baffled Upon Seeing Women’s Slippers on His Feet