चंडीगढ़: सिटी ब्यूटीफुल कहे जाने वाले चंडीगढ़ में नशे के बढ़ते जाल की रूह कंपा देने वाली तस्वीर सामने आई है। शहर के मनीमाजरा स्थित चिल्ड्रन पार्क का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खुलेआम नशे का इंजेक्शन लगाते हुए युवक कैद हुए हैं। इस सनसनीखेज वीडियो के सामने आते ही शहरवासियों में दहशत का माहौल है और पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
1 मिनट 9 सेकंड के वीडियो में खौफनाक मंजर
वायरल हो रहे 1 मिनट 9 सेकंड के इस वीडियो में चार युवक चिल्ड्रन पार्क के एक जंगलनुमा कोने में बैठे नजर आ रहे हैं। इनमें से कुछ युवक खुलेआम नशे की सुई लेते दिखते हैं। वीडियो का सबसे विचलित करने वाला हिस्सा वह है जहां लाल रंग की शर्ट पहने एक युवक खड़ा होकर अपनी पैंट नीचे करता है और उसका साथी सीधे उसके निजी अंग (प्राइवेट पार्ट) में नशे का इंजेक्शन ठोकता दिखाई देता है। इस दौरान बाकी युवक बेखौफ होकर पास ही बैठे रहते हैं।

रातभर पुलिस ने की ताबड़तोड़ छापेमारी
वीडियो वायरल होने और पुलिस तक मामला पहुंचते ही मनीमाजरा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों और पार्क के आसपास के इलाकों में रातभर सर्च ऑपरेशन और ताबड़तोड़ छापेमारी की। हालांकि, अभी तक वीडियो में दिख रहे युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

पहचान और लोकेशन की पुष्टि में जुटी पुलिस
पुलिस की तकनीकी और फॉरेंसिक टीमें अब यह पुख्ता करने में जुटी हैं कि वीडियो की वास्तविक लोकेशन मोरी गेट स्थित चिल्ड्रन पार्क ही है या कोई अन्य जगह। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय मुखबिर तंत्र के जरिए नशे का इंजेक्शन लेने और लगाने वाले युवकों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है, ताकि नशे के इस काले नेटवर्क की जड़ तक पहुंचा जा सके।


Drug-related incident in a Chandigarh park: injection administered to a young man’s private part




