You are currently viewing पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को कोर्ट ने 7 दिन की ED रिमांड पर भेजा, 100 करोड़ के GST घोटाले में कल हुई थी गिरफ्तारी

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को कोर्ट ने 7 दिन की ED रिमांड पर भेजा, 100 करोड़ के GST घोटाले में कल हुई थी गिरफ्तारी

चंडीगढ़: पंजाब की सियासत में उस समय हड़कंप मच गया जब गुरुग्राम सत्र न्यायालय ने राज्य के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को 7 दिनों की प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिमांड पर भेज दिया। शनिवार सुबह 100 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी (GST) घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किए गए अरोड़ा को देर रात कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। ईडी ने पूछताछ के लिए 10 दिनों की मोहलत मांगी थी, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने एक सप्ताह की रिमांड मंजूर की।

शेल कंपनियों और फर्जीवाड़े का जाल

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों में भारी वित्तीय अनियमितताओं के पुख्ता सबूत मिले हैं। ईडी की जांच में 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री और शेल कंपनियों के जरिए किए गए संदिग्ध निर्यात का मामला सामने आया है। एजेंसी को अंदेशा है कि फेमा (FEMA) नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए विदेशी संस्थाओं के माध्यम से पैसों की ‘राउंड-ट्रिपिंग’ की गई। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए ईडी ने इस नेटवर्क से जुड़े कई बैंक खाते, डीमैट अकाउंट और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को फ्रीज कर दिया है।

सेक्टर-2 स्थित आवास पर तड़के पहुंची 20 गाड़ियां

गिरफ्तारी से पहले का घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। सुबह तड़के करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ ईडी की टीम अरोड़ा के सेक्टर-2 स्थित आवास पर पहुंची। बता दें कि अरोड़ा पर एक महीने के भीतर ईडी की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले जांच टीम ने उनके लुधियाना स्थित ठिकानों पर भी लंबी छापेमारी की थी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान का तीखा प्रहार: ‘पंजाब नहीं झुकेगा’

इस गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सीधे केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने इसे ‘अनैतिक गठबंधन’ करार देते हुए लिखा कि एक साल में यह तीसरी बार है जब संजीव अरोड़ा को निशाना बनाया गया है। सीएम मान ने तीखे शब्दों में कहा, पंजाब गुरुओं और शहीद भगत सिंह की धरती है। औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था, तो मोदी की चालें क्या काम करेंगी। पंजाब, ईडी और भाजपा के इस गठजोड़ को जड़ से खत्म कर देगा।

Court sends Punjab Minister Sanjeev Arora to 7-day ED remand; arrested yesterday in ₹100 crore GST scam.