You are currently viewing CM मान का किसानों को सीधा चैलेंज! कृषि संकट से जुड़े मुद्दों पर बहस करने की दी चुनौती

CM मान का किसानों को सीधा चैलेंज! कृषि संकट से जुड़े मुद्दों पर बहस करने की दी चुनौती

बठिंडा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों को सीधे तौर पर चुनौती देते हुए कृषि संकट से जुड़े मुद्दों पर खुली बहस करने की पेशकश की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाया कि कुछ किसान नेताओं ने नाजायज तरीकों से पैसा इकट्ठा किया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के इस बयान पर किसान नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसके बाद मुख्यमंत्री मान ने उन्हें लाइव बहस करने की चुनौती दी। सीएम मान ने कहा कि कुछ यूनियन नेताओं ने छोटे किसानों से पैसे इकट्ठे करके बड़ी संपत्तियां बनाई हैं।

मुख्यमंत्री मान बुधवार को बठिंडा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक होटल में हलके के सरपंचों और पंचों की एक बैठक को संबोधित किया। सीएम मान ने कहा कि किसान नेताओं ने अवैध रूप से धन एकत्रित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ यूनियन नेताओं ने छोटे किसानों से पैसे जमा करके बड़ी-बड़ी जायदादें बना ली हैं। उन्होंने कहा कि ये यूनियनें केवल बेतुके मुद्दों पर सड़कों और रेलगाड़ियों को रोककर अपनी दुकानें चला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि कई किसान नेताओं ने राज्य के होटलों और अस्पतालों में भी अपनी हिस्सेदारी बना रखी है। उन्होंने किसान नेताओं को चुनौती दी कि वे कृषि संकट से जुड़े मामलों पर उनके साथ सीधा संवाद करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान यूनियनें और किसान दोनों अलग-अलग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान यूनियनें संघर्ष की आड़ में किसानों से फीस वसूलती हैं। उन्होंने कहा कि इस समय बीबीएमबी और हरियाणा के साथ पानी का विवाद है, लेकिन पंजाब के किसी भी किसान नेता ने एक शब्द भी नहीं कहा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि किसान यूनियनें अनावश्यक मुद्दों पर सड़कों और रेलगाड़ियों को रोककर अपना हित साध रही हैं।

CM Mann’s direct challenge to farmers