
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को एक उच्च-स्तरीय बैठक में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा करने के बाद पीड़ितों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हर बाढ़ पीड़ित तक मुआवजा पहुंचाया जाएगा और यह प्रक्रिया अगले 30 से 40 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। सीएम मान ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को भी सख्त चेतावनी दी है।
मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में बैठक के बाद कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान के आकलन के लिए एक विशेष गिरदावरी (सर्वेक्षण) के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। उन्होंने वादा किया कि यह सिर्फ एक घोषणा नहीं होगी, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा।
सीएम मान ने मुआवजे की राशि का ऐलान करते हुए बताया कि फसलों के नुकसान के लिए किसानों को ₹20,000 प्रति एकड़ का मुआवजा मिलेगा। पशु (जानवर) के नुकसान के लिए 37,500 रुपए प्रति पशु दिए जाएंगे। घर के नुकसान के लिए ₹40,000 की राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा, चेक तैयार हैं, 30-40 दिनों में सर्वे का डेटा आ जाएगा। जहां 100 फीसदी नुकसान हुआ है, वहां एक महीने के अंदर पहला चेक दे दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि दिवाली पर बड़ी संख्या में लोगों के घरों तक चेक पहुंचा दिए जाएं।
सीएम मान ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा, अगर किसी अधिकारी ने सुस्ती दिखाई या गलत फॉर्म भरे तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, मैं भी एक किसान परिवार का बेटा हूं। जब तक हर घर की छत की दरार या फसल का पैसा नहीं मिल जाता, तब तक न मैं चैन से सोऊंगा और न ही किसी अधिकारी को सोने दूंगा।
उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ के कारण अब तक 55 लोगों की जान गई है, जिनमें से 42 परिवारों को सरकार पहले ही मुआवजा दे चुकी है और बाकियों को भी जल्द ही राशि मिल जाएगी। सीएम मान ने संकट की इस घड़ी में मदद के लिए आगे आए NGOs, कलाकारों, संस्थाओं और आम लोगों का भी धन्यवाद किया।
View this post on Instagram


CM Mann made big announcements




