चंडीगढ़: पंजाब में जनगणना 2027 की ड्यूटी पर तैनात सरकारी टीचर्स के लिए एक बेहद जरूरी खबर सामने आई है। ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए वीडियो और रील्स बनाने वाले टीचर्स पर पंजाब सरकार ने कड़ा चाबुक चलाया है। सरकार ने जनगणना के काम के दौरान रील्स बनाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। अब यदि कोई भी शिक्षक जनगणना एक्ट का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का यह बड़ा कदम तब सामने आया है जब ड्यूटी पर तैनात कई टीचर्स की ऐसी रील्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिनसे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सर्वे का मजाक बनता दिख रहा था।
कुत्तों से डरने और सर्वे का मजाक उड़ाने वाली रील्स की भरमार
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से पंजाब में जनगणना के काम में लगे बहुत से टीचर्स की ऐसी वीडियो सामने आ रही थीं, जिनमें वे ड्यूटी के दौरान मस्ती करते हुए नजर आ रहे थे। इन वायरल रील्स में सबसे ज्यादा वे वीडियो शामिल हैं, जिनमें ताला लगे घरों के बाहर कुत्तों के भौंकने पर महिला टीचर्स बुरी तरह डरती हुई दिखाई दे रही हैं या फिर आवारा कुत्ते उन्हें घेरते नजर आ रहे हैं। इस तरह के फन वीडियो और सर्वे के दौरान मनोरंजन करने वाली इन तमाम गतिविधियों को पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया है।
शिक्षा विभाग ने इसे माना ‘सेंसस एक्ट 1948’ का खुला उल्लंघन
शिक्षकों द्वारा ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाकर फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर शेयर करने के बढ़ते चलन को रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने तुरंत प्रभाव से सख्त कदम उठाए हैं। राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपलों और हेडमास्टरों को व्हाट्सएप के माध्यम से विशेष और कड़े निर्देश भेजे गए हैं। इन हिदायतों में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि कुछ एन्यूमरेटर्स (सर्वे स्टाफ) जनगणना के बेहद गोपनीय दस्तावेजों और शेड्यूल का इस्तेमाल कर रील्स बना रहे हैं और उसे इंटरनेट पर सार्वजनिक कर रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह सब ‘जनगणना अधिनियम (सेंसस एक्ट), 1948’ का सीधा और खुला उल्लंघन है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Census Duty Proves Costly for Teachers Who Made Reels; Punjab Government Takes Strict Action, Issues Stern Order




