You are currently viewing लुधियाना में 100 की रफ्तार से आई कार ने मचाया तांडव, 5 लोगों को रौंदा, 15 फीट हवा में उछलकर 30 फीट दूर गिरा बाइक सवार; रोंगटे खड़े करने वाला CCTV आया सामने

लुधियाना में 100 की रफ्तार से आई कार ने मचाया तांडव, 5 लोगों को रौंदा, 15 फीट हवा में उछलकर 30 फीट दूर गिरा बाइक सवार; रोंगटे खड़े करने वाला CCTV आया सामने

लुधियाना: औद्योगिक नगरी लुधियाना में शुक्रवार को तेज रफ्तार का बेहद खौफनाक कहर देखने को मिला। करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की बेकाबू रफ्तार से दौड़ रही एक टियागो ईवी कार ने सड़क पर एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में बाइक सवार, रिक्शा चालक और राहगीरों समेत कुल 5 लोग बुरी तरह घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में 15 फीट ऊपर उछला और 3 कलाबाजियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर जाकर सड़क पर गिरा। इस रूह कंपा देने वाले हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।

पहले साइकिल और बाइक को रौंदा, 15 फीट हवा में उछला युवक
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि सफेद रंग की टियागो ईवी मौत की रफ्तार से दौड़ती हुई आती है। रास्ते में जो भी सामने आया, कार उसे रौंदती चली गई। सबसे पहले कार ने एक साइकिल और बाइक को सीधी टक्कर मारी। टक्कर लगते ही बाइक सवार हवा में करीब 15 फीट ऊपर उड़ गया और तीन गुलाटियां खाते हुए लगभग 30 फीट दूर सड़क पर गिरा। टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसके कलपुर्जे कई मीटर दूर तक बिखर गए।

2 ई-रिक्शा और एक्टिवा के भी उड़ाए परखच्चे, एक रिक्शा पलटा
बाइक सवार को उड़ाने के बाद भी कार चालक ने ब्रेक नहीं लगाए और वाहन बेकाबू होकर आगे बढ़ता रहा। कार ने सामने से आ रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार कम से कम 100 किमी प्रति घंटा रही होगी, जिस कारण चालक वाहन पर से पूरी तरह नियंत्रण खो बैठा।

घायलों को सिविल अस्पताल में कराया भर्ती, ड्राइवर गिरफ्तार
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में तड़प रहे पांचों घायलों को फौरन सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टियागो कार को जब्त कर लिया है और ड्राइवर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Car speeding at 100 km/h wreaks havoc in Ludhiana, mowing down 5 people; a motorcyclist was flung 15 feet into the air