You are currently viewing हिमाचल में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों से भरी कार, 6 लोगों की दर्दनाक मौत- हादसे की वजह भी आई सामने

हिमाचल में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों से भरी कार, 6 लोगों की दर्दनाक मौत- हादसे की वजह भी आई सामने

बकलोह: चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है। यहां तुनुहट्टी क्षेत्र के ककीरा घार के पास रात करीब तीन बजे पर्यटकों से भरी एक इनोवा टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। रात के अंधेरे में खाई से आ रही चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस व प्रशासन को इस खौफनाक घटना की सूचना दी।

गुजरात के पर्यटकों से भरी थी टैक्सी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन मंडी पासिंग वाली एक इनोवा टैक्सी थी जो धर्मशाला से डलहौजी की तरफ जा रही थी। इस गाड़ी में कुल दस लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए अधिकांश लोग गुजरात से आए पर्यटक हैं, जो हिमाचल घूमने निकले थे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है ताकि उनके परिजनों को जल्द से जल्द सूचित किया जा सके।

भारी बारिश और फिसलन ने ली जान

हादसे के वक्त इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिसकी वजह से सड़क पर भारी फिसलन पैदा हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि खराब मौसम और फिसलन भरी सड़क ही इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बनी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। भारी बारिश और घने अंधेरे के बावजूद टीमों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद खाई से शवों तथा घायलों को बाहर निकाला।

घायलों की हालत नाजुक, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर

खाई से निकाले गए चारों घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी बेहद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने भी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण गाड़ी के फिसलने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।

Car Carrying Tourists Plunges 150 Meters into Gorge in Himachal; 6 Tragically Die