
गुरदासपुर: पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) की एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। AGTF की टीम ने गुरदासपुर के जंगलों से भारी मात्रा में हथियारों और विस्फोटकों की खेप बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह हथियार पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकवादी बने हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के गुर्गों तक पहुंचाए जाने थे, जिनका मकसद पंजाब में बड़े पैमाने पर अशांति फैलाना था।
AGTF ने यह कार्रवाई गुरदासपुर के पुराना शाला थाना क्षेत्र के जंगली इलाके में की। मौके से बरामद किए गए जखीरे में दो अत्याधुनिक एके-47 राइफलें, उनकी दो मैगजीन, 16 जिंदा कारतूस और दो P-86 हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। पुलिस की इस समय पर की गई कार्रवाई ने पंजाब को एक बड़े आतंकी हमले से बचा लिया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह खेप पाकिस्तान की एजेंसियों और आतंकी रिंदा द्वारा पंजाब का माहौल खराब करने के लिए भेजी गई थी। पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही उन स्थानीय मददगारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, जो इस खेप को हासिल कर पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में थे।
View this post on Instagram

BKI’s major terror plot foiled in Punjab








