लुधियाना: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ लुधियाना में जोरदार प्रदर्शन किया। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के गेट के बाहर समर्थकों के साथ पहुंचे बिट्टू ने हाथों में टमाटर, अंडे और शराब की छोटी बोतल लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
PAU गेट पर सीएम के काफिले को रोकने की कोशिश
मुख्यमंत्री भगवंत मान एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए PAU पहुंचे थे। इसी दौरान रवनीत बिट्टू अपने समर्थकों के साथ गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और काफिले की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जबकि बिट्टू ने विरोध के प्रतीक के रूप में टमाटर, अंडे और शराब की बोतल लहराई।
पुलिस ने हंगामे के बाद लिया हिरासत में
काफी देर तक नारेबाजी और धक्का-मुक्की का माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री का काफिला सुरक्षित गुजरने के बाद पुलिस ने रवनीत बिट्टू और कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
बिट्टू बोले- “डरने वाले नहीं, विरोध जारी रहेगा”
हिरासत से पहले रवनीत बिट्टू ने कहा कि यह प्रदर्शन पंजाब सरकार की नीतियों के खिलाफ था और भाजपा कार्यकर्ता आगे भी आम आदमी पार्टी के नेताओं का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि वे किसी भी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं।


Bittoo arrived before CM Mann carrying tomatoes, eggs, and a liquor bottle; police took him




