मोहाली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मोहाली के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है। आरोपी ने दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को फोन और वॉट्सऐप मैसेज भेजकर यह धमकी दी।
विधायक जरनैल सिंह की ओर से मोहाली के SSP को दी गई शिकायत के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। इसके बाद उसी नंबर से वॉट्सऐप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा गया। आरोपी की वॉट्सऐप प्रोफाइल पर ‘~ $H’ नाम दिखाई दे रहा था।
फोन और मैसेज में दी गई जान से मारने की धमकी
शिकायत में बताया गया है कि अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए विधायक से कहा कि वह अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये देने का संदेश पहुंचा दें। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। धमकी भरे संदेश में लिखा था, “लॉरेंस गैंग से बोल रहा हूं, अरविंद केजरीवाल को बोल दे 7 करोड़ दे दो नहीं तो अरविंद केजरीवाल और उसके लड़के हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दूंगा।” इस धमकी के बाद विधायक ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने केजरीवाल और परिवार की सुरक्षा पर जताई चिंता
जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि अरविंद केजरीवाल देश के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को इस तरह की धमकी मिलना गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। विधायक ने पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और लोकेशन की जांच की जाए। इसके साथ ही आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




Arvind Kejriwal receives threat from Lawrence gang: “Pay 7 crore rupees or we will kill you




