You are currently viewing तपती गर्मी के बीच स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान, 23 मई से इस दिन तक बंद रहेंगे सभी सरकारी स्कूल

तपती गर्मी के बीच स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान, 23 मई से इस दिन तक बंद रहेंगे सभी सरकारी स्कूल

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है। आसमान से बरसती आग और 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भीषण गर्मी की वजह से जहां एक तरफ आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं दूसरी तरफ शहर में एसी-कूलर चलने से बिजली की खपत में भी भारी उछाल देखने को मिला है। इसी चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है।

23 मई से 30 जून तक बंद रहेंगे सभी सरकारी स्कूल

अत्यधिक गर्मी और हीटवेव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सरकारी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 23 मई से स्कूलों में छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। सभी सरकारी स्कूल 23 मई से 30 जून तक पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके बाद 1 जुलाई से स्कूल दोबारा खुलेंगे और छात्र नियमित रूप से अपनी कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे। तपती धूप और लू से बच्चों को बचाने के लिए प्रशासन का यह फैसला अभिभावकों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया है।

शिक्षकों को नहीं मिलेगी पूरी छुट्टी, लागू होंगे ये नियम

भले ही बच्चों को 30 जून तक की लंबी छुट्टियां मिली हों, लेकिन शिक्षकों के लिए ये छुट्टियां पूरी तरह से लागू नहीं होंगी। प्रशासन के निर्देशों के अनुसार, स्कूल दोबारा खुलने से ठीक पहले यानी 29 और 30 जून को सभी शिक्षकों को स्कूल पहुंचकर अपनी ड्यूटी जॉइन करनी होगी। इस दौरान शिक्षक नए शैक्षणिक सत्र की सभी जरूरी तैयारियां, रिकॉर्ड मेंटेनेंस और अन्य आवश्यक प्रबंध पूरे करेंगे, ताकि 1 जुलाई को जब बच्चे वापस लौटें तो पढ़ाई का कामकाज सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।

Amidst the scorching heat, school holidays announced; all government schools to remain closed from May 23