You are currently viewing भीषण गर्मी के बीच अचानक बदला मौसम का मिजाज, पंजाब-चंडीगढ़ में गिरे ओले; इन 13 जिलों के लिए अगले 2 घंटे भारी

भीषण गर्मी के बीच अचानक बदला मौसम का मिजाज, पंजाब-चंडीगढ़ में गिरे ओले; इन 13 जिलों के लिए अगले 2 घंटे भारी

जालंधर: पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को शनिवार सुबह भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम ने अचानक करवट ली है और कई इलाकों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। पठानकोट में अलसुबह ओले गिरने के बाद से ही तेज बारिश का दौर जारी है, जिससे कई जगहों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। राजधानी चंडीगढ़ में भी बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि दर्ज की गई। इसके साथ ही मोहाली, लुधियाना, फरीदकोट और जालंधर में भी झमाझम बारिश हो रही है। उधर, अमृतसर में सुबह से तेज आंधी चलने के कारण कई पेड़ों की टहनियां टूट कर गिर गईं और वहां भी रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है।

अगले 2 घंटे इन 13 जिलों के लिए बेहद अहम, जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला) समेत पंजाब के 13 जिलों में अगले दो घंटों के भीतर तेज बारिश और हवाएं चलने की सख्त चेतावनी जारी की है। इस रेड अलर्ट में मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला (राजपुरा), रूपनगर, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, गुरदासपुर और पठानकोट शामिल हैं। वहीं, पंजाब स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने भी अगले 24 घंटों में अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना और पटियाला के कई इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 डायल करने की सलाह दी है।

4 जून को खत्म होगी लू, इस बार कमजोर पड़ सकता है मानसून

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण मैदानी इलाकों के तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई है। विभाग ने साफ किया है कि आगामी 4 जून तक सूबे से हीट वेव यानी लू का पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा। वहीं, अगर बहुप्रतीक्षित मानसून की बात करें तो यह पिछले 5 दिनों से केरल में अटका हुआ है, लेकिन 25 जून तक इसके पंजाब में दस्तक देने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल अल-नीनो के प्रभाव के चलते मानसून कुछ कमजोर रह सकता है। मानसूनी हवाओं की रफ्तार और बारिश का पैटर्न प्रभावित होने से लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, मानसा, संगरूर, फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों में इस बार सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

Amid intense heat, the weather suddenly changed, with hail falling in Punjab and Chandigarh