You are currently viewing जालंधर के परीक्षा केंद्र पर भारी बवाल: एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में समय से पहले गेट बंद करने का आरोप; 36 छात्र बाहर छूटे

जालंधर के परीक्षा केंद्र पर भारी बवाल: एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में समय से पहले गेट बंद करने का आरोप; 36 छात्र बाहर छूटे

जालंधर: जालंधर के ट्रिनिटी कॉलेज में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब दर्जनों उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के भीतर जाने से रोक दिया गया। कॉलेज प्रबंधन ने ‘देर से पहुंचने’ का हवाला देकर मुख्य गेट बंद कर दिया था, जिसके बाद परीक्षा देने आए छात्रों और उनके परिजनों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गेट के बाहर खड़े उम्मीदवारों का आरोप है कि गेट को निर्धारित समय से काफी पहले बंद कर दिया गया, जिससे उनका पूरा साल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गया है।

गार्ड्स ने पहले कुछ और कहा, फिर अंदर जाने से रोका: पीड़ित उम्मीदवार

कपूरथला से अपनी पत्नी के साथ परीक्षा देने पहुंचे जसदीप सिंह ने परीक्षा केंद्र के सुरक्षाकर्मियों पर गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया। जसदीप ने बताया, हम सुबह करीब 9:30 बजे ही ट्रिनिटी कॉलेज सेंटर पहुंच गए थे। वहां मौजूद गार्ड्स ने हमें बताया कि अंतिम प्रवेश का समय 11 बजे से 5 मिनट पहले तक है। हमें लगा कि परीक्षा 11:30 बजे शुरू होनी है, तो प्रवेश भी तब तक चलेगा। लेकिन जब हम 10:25 बजे दोबारा सेंटर के गेट पर पहुंचे, तो गार्ड्स ने यह कहते हुए हमें अंदर घुसने से मना कर दिया कि समय समाप्त हो चुका है।

जसदीप ने रोष जताते हुए कहा कि दूर-दराज के जिलों से आने वाले उम्मीदवारों के लिए इस तरह समय से पहले गेट बंद कर देना सरासर गलत है। इस अव्यवस्था के कारण कई छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।

गेट के बाहर लगी भीड़, स्टाफ ने बात करने से किया इनकार

कपूरथला के ही एक अन्य परीक्षार्थी परम ने बताया कि परीक्षा शुरू होने का आधिकारिक समय सुबह 11:30 बजे था, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने मनमानी करते हुए बहुत पहले ही गेट पर ताला जड़ दिया। परम के मुताबिक, गेट बंद होने की वजह से लगभग 36 छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र के बाहर ही खड़े रह गए और परीक्षा देने से वंचित हो गए।

गेट के बाहर फंसे परेशान छात्रों ने कॉलेज के स्टाफ और प्रबंधन से मिलकर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन स्टाफ ने उनकी एक न सुनी और अंदर से गेट खोलने से साफ मना कर दिया। परीक्षा से वंचित हुए छात्रों ने सरकार और विभाग से इस मामले में दखल देने और उनके साथ न्याय करने की गुहार लगाई है।

Allegations of premature gate closing during excise inspector recruitment exam