चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के लाखों घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत देते हुए बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए ‘वन-टाइम सेटलमेंट’ (OTS) स्कीम लाने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगी पेनल्टी और ब्याज को पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को केवल मूलधन ही जमा कराना होगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के कुल 24 लाख 86 हजार घरेलू उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों के सिर से भारी-भरकम बकाया बिलों का बोझ उतरेगा।
45 दिन तक मान्य रहेगी स्कीम, घर बैठे मिलेंगे ओटीएस वाले बिल
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने योजना की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि कई घरेलू उपभोक्ता समय पर अपने बिल जमा नहीं कर पाए थे, जिसके कारण मूल राशि पर पेनल्टी और ब्याज जुड़ते-जुड़ते रकम काफी बड़ी हो गई थी। इस समस्या के समाधान के लिए लाई जा रही यह ओटीएस स्कीम अगले 45 दिनों तक वैध रहेगी और इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन कल जारी कर दिया जाएगा। सीएम ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ लेने के लिए किसी दफ्तर के चक्कर काटने या कहीं ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि बिजली विभाग द्वारा स्वयं उनके घरों पर संशोधित ओटीएस बिल भेजे जाएंगे।
25 प्रतिशत राशि शुरुआत में देनी होगी, 518 करोड़ रुपये का ब्याज व जुर्माना होगा माफ
भुगतान की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए सरकार ने किस्तों की सुविधा भी दी है। योजना के नियमों के मुताबिक, उपभोक्ताओं को शुरुआत में कुल मूलधन की 25 प्रतिशत राशि जमा करानी होगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत रकम का भुगतान 6-6 महीने की दो आसान किस्तों में किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं पर कुल 2516 करोड़ रुपये की राशि बकाया है, जिसमें से इस योजना के तहत 518 करोड़ रुपये का ब्याज और जुर्माना माफ हो जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गांव और शहर दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को इस स्कीम का समान लाभ मिलेगा। प्रदेश में 600 यूनिट तक बिजली पहले से ही मुफ्त है, ऐसे में उससे अधिक खपत के कारण जिन उपभोक्ताओं के बिल बकाया खड़े हैं, वे इस योजना के दायरे में आएंगे।
अकाली-भाजपा गठबंधन को बताया ‘जीरो गुणा जीरो’, पराली के धुएं पर दिल्ली को दिया जवाब
इस दौरान राजनीतिक सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विरोधियों पर तीखा हमला बोला। आगामी चुनावों में विधायकों के टिकट काटे जाने से उपजी नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई ज्यादा नाराज नहीं है और थोड़ी-बहुत इंसानी फितरत हर जगह चलती रहती है। वहीं, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि यदि उनका गठबंधन हो रहा है तो अच्छी बात है, लेकिन आम आदमी पार्टी के लिए यह कोई चुनौती नहीं है क्योंकि ये दोनों ‘जीरो गुणा जीरो’ हैं। इसके अलावा दिल्ली में प्रदूषण और पराली के धुएं के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब का धुआं दिल्ली तब पहुंचेगा जब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चले और तब भी उसे पहुंचने में तीन दिन लगेंगे, जबकि पंजाब में धान की कटाई शुरू होने से पहले ही दिल्ली वाले धुआं आने का शोर मचाने लगे थे।




A major gift from the Mann government to domestic electricity consumers in Punjab: an OTS scheme




