अमृतसर: अमृतसर से एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है, जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप उठेगा। छेहरटा इलाके के शिंगार एवेन्यू में शनिवार देर रात एक पिता की छोटी सी लापरवाही ने पूरे परिवार को जिंदगी भर का ना भूलने वाला गहरा सदमा दे दिया है। यहां घर में खेलते समय पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक चली गोली लगने से 3 साल के मासूम बच्चे वंश की दर्दनाक मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में पास ही खड़ी बच्चे की दादी भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बेड पर रखी थी लोडेड पिस्तौल, खेलते-खेलते दब गया ट्रिगर
यह पूरा खौफनाक वाकया उस वक्त हुआ जब बच्चे के पिता साजन सुबह अपने बच्चों को स्कूल में पैरेंट-टीचर मीटिंग (पीटी मीटिंग) के लिए लेकर गए थे। जानकारी के मुताबिक, साजन के पास उनकी लाइसेंसी पिस्तौल भी थी। स्कूल से घर लौटने के बाद जब वह अपने कपड़े बदल रहे थे, तो उन्होंने अपनी लोडेड पिस्तौल लापरवाही से बेड पर ही रख दी। इसी दौरान वहां खेल रहे 3 साल के मासूम वंश के हाथ वह पिस्तौल लग गई। बच्चे ने उसे खिलौना समझकर उठा लिया और अचानक उसका ट्रिगर दब गया। गोली इतनी रफ्तार से निकली कि वह मासूम बच्चे के शरीर के आर-पार होते हुए सीधे पास खड़ी उसकी दादी को जा लगी।
पल भर में मच गई चीख-पुकार, हमेशा के लिए बिछड़ गया जुड़वा भाई
गोली चलने की जोरदार आवाज और उसके बाद मासूम को खून से लथपथ देखकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार मच गई और बदहवास परिजन तुरंत घायल बच्चे और दादी को लेकर पास के अस्पताल दौड़े। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, डॉक्टरों ने जांच के बाद 3 साल के मासूम वंश को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक वंश का एक जुड़वा भाई भी है। हंसते-खेलते बच्चे की इस अचानक और दर्दनाक मौत से पूरा परिवार बुरी तरह टूट चुका है और घर में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच, सामने आई ये सबसे बड़ी लापरवाही
इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। थाना छेहरटा के एसएचओ बलविंदर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरा मामला भारी लापरवाही के कारण हुआ एक दुखद हादसा लग रहा है। सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई है कि पिस्तौल ‘अनलॉक’ हालत में रखी हुई थी, जिसके कारण बच्चा आसानी से उसका ट्रिगर दबा सका। फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और इस पूरे मामले के हर पहलू की बेहद बारीकी से जांच की जा रही है।

A Father’s Horrifying Mistake Shatters a Happy Family: 3-Year-Old Innocent Shoots Himself




