अमृतसर: अमृतसर के 88 फीट रोड क्षेत्र में एक 12वीं कक्षा की छात्रा द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी करने का एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने से पहले छात्रा ने एक वीडियो बयान रिकॉर्ड किया था, जिसने शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में छात्रा ने स्कूल प्रशासन पर फीस के लिए बुरी तरह मानसिक रूप से प्रताड़ित (मेंटल टॉर्चर) करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
दम तोड़ने से पहले छात्रा का दर्दनाक वीडियो
मृतका की पहचान 17 वर्षीय अमजोत कौर के रूप में हुई है, जो अपने उज्जवल भविष्य के सपने लेकर अपनी मौसी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। अस्पताल के बिस्तर पर मौत से जंग लड़ते हुए अमजोत ने जो वीडियो बनाया, वह अब सोशल मीडिया पर वायरल है और हर किसी की आंखें नम कर रहा है।
वीडियो में अमजोत ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि स्कूल की फीस न भर पाने के कारण उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल उसे स्कूल में बाकी बच्चों से अलग एक कमरे में लेकर गई थीं, जहां उसे मानसिक रूप से बेहद परेशान किया गया। इस बदनामी और मानसिक तनाव को वह सहन नहीं कर पाई और उसने मौत को गले लगाने जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया। जहरीला पदार्थ निगलने के बाद जब उसकी हालत बिगड़ी, तो परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।
आरोपी स्कूल प्रिंसिपल का फोन बंद
इस बेहद संवेदनशील और गंभीर मामले में जब मीडिया ने सच्चाई जानने और स्कूल का पक्ष लेने के लिए प्रिंसिपल शबनम शर्मा से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन लगातार बंद आता रहा। इसके बाद प्रिंसिपल के वॉट्सएप नंबर पर भी लिखित में सवाल और मैसेज भेजे गए, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब या स्पष्टीकरण नहीं आया है।
दूसरी ओर, इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि छात्रा के आखिरी वीडियो बयान को मुख्य आधार बनाकर मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

a-12th-grade-student-in-punjab-suffering-from-mental-torture-over-school-fees




