जालंधरः थाना आदमपुर की पुलिस ने गांव के ही रहने वाले प्रभजोत सिंह के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने यह मामला लड़की के पिता के बयानों के आधार पर दर्ज किया है। पिता का आरोप है कि प्रभजोत उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया है।
पुलिस को दी शिकायत में लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी शनिवार देर शाम गांव के ही धार्मिक स्थल पर माथा टेकने गई थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं आई। उन्होंने उसे काफी तलाश किया। रिश्तेदारों के यहां भी तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसे गांव में ही रहने वाला एक लड़का प्रभजोत सिंह अक्सर तंग करता था। उसके बारे में पता करवाया तो वह भी घर से फरार मिला। ऐसे में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर प्रभजोत सिंह भगा कर ले गया है। उन्होंने बताया कि उसकी बेटी की उम्र मात्र 15 साल है। थाना आदमपुर की पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।