चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की पूर्व अध्यक्ष बीबी जगीर कौर की शिरोमणि अकाली दल (बादल) में प्रस्तावित वापसी फिलहाल टल गई है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को 13 नवंबर को दिल्ली में मुलाकात के लिए बुलाया है। इस अचानक बने कार्यक्रम के कारण शुक्रवार को बेगोवाल में होने वाला बीबी जगीर कौर की घर वापसी का समारोह स्थगित करना पड़ा है।
इस घटनाक्रम के बाद पंजाब के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक तरफ बीबी जगीर कौर की अकाली दल में वापसी को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर सुखबीर बादल के दिल्ली दौरे ने इस पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।
बेगोवाल में होना था बड़ा समागम, भुलत्थ के लोगों को दिया गया था न्योता
बीबी जगीर कौर की अकाली दल में वापसी को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाओं का बाजार गर्म था। उनके दोबारा पार्टी में शामिल होने की अटकलों के बीच 13 नवंबर 2026 को उनके गृह क्षेत्र बेगोवाल में एक बड़े कार्यक्रम की तैयारी की गई थी। इसके लिए भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भी आमंत्रित किया गया था।
बताया जा रहा था कि संत प्रेम सिंह मुरालेवाले के डेरे में आयोजित होने वाले इस समागम में सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में बीबी जगीर कौर दोबारा अकाली दल का हिस्सा बनेंगी। बीबी जगीर कौर इस डेरे की मुख्य सेवादार भी हैं। हालांकि, अब सुखबीर बादल के दिल्ली जाने के कार्यक्रम के चलते यह समारोह आगे के लिए टाल दिया गया है।
बीबी जगीर कौर ने दिए थे पार्टी में वापसी के संकेत
अकाली दल में वापसी की चर्चाओं के बीच बीबी जगीर कौर ने एक प्रमुख मीडिया समूह से बातचीत में अपने रुख के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि शिरोमणि अकाली दल में सुधार करना है तो इसके लिए पार्टी के अंदर रहकर ही प्रयास करने होंगे। बाहर रहकर संगठन में बदलाव लाना संभव नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब के विकास और राज्य के व्यापक हितों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया था।
अमित शाह और सुखबीर बादल की मुलाकात पर सियासी निगाहें
सुखबीर सिंह बादल को अमित शाह की ओर से दिल्ली बुलाए जाने के बाद पंजाब की राजनीति में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। इस मुलाकात को लेकर भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित राजनीतिक समीकरणों और गठबंधन की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच मुलाकात का एजेंडा अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं, बीबी जगीर कौर की अकाली दल में वापसी के लिए अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर अकाली दल की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।




Bibi Jagir Kaur’s return to the Akali Dal has been deferred; Home Minister Amit Shah has summoned Sukhbir Badal




