जालंधर: शहर की पॉश थ्री स्टार कॉलोनी में मंगलवार तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई, जब एक दामाद ने अपने साथियों के साथ ससुराल में जबरन घुसकर पूरे परिवार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में दामाद की गोली लगने से उसका साला ईश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे खून से लथपथ हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का आरोप है कि दामाद नशे का आदी है और अपनी पत्नी को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। इसी कलह के चलते जब विवाहिता मायके आ गई, तो दामाद पीछे से अपने हथियारबंद साथियों संग पहुंच गया और जबरन गाड़ी छीनने की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर उसने परिवार पर गोलियां झोंक दीं।
तड़के 4 बजे साथियों संग बोला धावा, मेहनत की कमाई से खरीदी गाड़ी छीनने का प्रयास
पीड़ित परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे की है जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे। आरोपी दामाद मनदीप सिंह अपने 3-4 अज्ञात साथियों को साथ लेकर ससुराल पहुंचा और जबरन घर के भीतर दाखिल हो गया। उसने ससुरालियों पर अपनी कार की चाबियां सौंपने का दबाव बनाया और गाड़ी जबरन छीनने की कोशिश की। परिजनों ने जब यह कहते हुए गाड़ी देने से साफ इनकार कर दिया कि यह वाहन उनकी अपनी गाढ़ी मेहनत की कमाई से खरीदा गया है, तो आरोपी तैश में आ गया और उसने गाली-गलौज शुरू कर दी।
परिवार को निशाना बनाकर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, जान बचाकर भागे सदस्य
गाड़ी देने से मना किए जाने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी दामाद मनदीप सिंह ने कमर से अवैध हथियार निकालकर परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए सीधे फायर झोंक दिए। अचानक घर के भीतर हुई गोलीबारी से चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी मच गई। परिवार के अन्य लोगों ने इधर-उधर भागकर और छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन गोली लगने से घर का बेटा ईश्वर सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों समेत मौके से फरार हो गया। घायल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सास ने लगाए गंभीर आरोप: नशे का आदी है दामाद, सालभर से बेटी को कर रहा प्रताड़ित
अस्पताल में घायल बेटे की तस्वीर दिखाते हुए आरोपी की सास बलविंदर कौर ने रोते हुए बताया कि उनका दामाद मनदीप सिंह नशे का बुरी तरह आदी है और कोई काम-धंधा नहीं करता। वह पिछले 6-7 महीनों से, बल्कि करीब एक साल से उनकी बेटी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित कर रहा था। पति के रोज-रोज के अत्याचार और घरेलू हिंसा से तंग आकर उनकी बेटी अपने मायके आकर रहने लगी थी। इसी बात की रंजिश पालकर आरोपी दामाद अपने गुर्गों के साथ सुबह-सुबह घर में दाखिल हुआ और पूरे परिवार को खत्म करने की नीयत से खूनी हमला कर दिया।
मिट्टी में दबा मिला खाली खोल, पुलिस की प्रारंभिक छानबीन पर परिजनों ने उठाए सवाल
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की शुरुआती कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई है। परिजनों का कहना है कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आई थी, लेकिन अंधेरे का हवाला देकर रात में कोई खाली खोल बरामद नहीं किया गया। सुबह जब परिजनों ने खुद घर के बाहर और आंगन में तलाश की, तो मिट्टी में दबा हुआ गोली का एक खाली खोल बरामद हुआ, जिसे बाद में पुलिस को सौंपा गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए हमलावर दामाद और उसके सभी साथियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
एडीसीपी बोले- दामाद ने चलाई गोली, पूरे विवाद की तहकीकात जारी
मामले की पुष्टि करते हुए एडीसीपी-1 मुख्तियार राय ने बताया कि थ्री स्टार कॉलोनी में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें घर के दामाद मनदीप सिंह ने गोलियां चलाई हैं। उसकी गोली लगने से ईश्वर सिंह घायल हुआ है, जिसका सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक कलह और वाहन विवाद के तमाम पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और फरार आरोपी मनदीप सिंह व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें पकड़ने के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं।




Bloody rampage by a son-in-law in Jalandhar: He forced his way into his in-laws’ home and demanded a car




