चंडीगढ़: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जेल में बंद एक युवक के समर्थन में पोस्ट डालने को लेकर चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा में दो गुटों के बीच हिंसक टकराव का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर जेल में बंद युवक के लिए ‘मिस यू भाई’ लिखने से भड़के विरोधी पक्ष के एक दर्जन से अधिक युवकों ने पोस्ट डालने वाले नाबालिग के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने न केवल नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता का सिर फोड़ दिया। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी लग्जरी फॉर्च्यूनर गाड़ी में तोड़फोड़ की और मौके पर पहुंचे एक अन्य साथी की एक्टिवा स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
दिवाली के दिन इंस्टाग्राम पोस्ट से शुरू हुई तकरार, सोशल मीडिया पर बही गालियों की बाढ़
पुलिस जांच के अनुसार, सेक्टर-38ए के अंतर्गत आने वाले गांव डड्डूमाजरा में इस खूनी विवाद की पटकथा दिवाली के दिन लिखी गई थी। डड्डूमाजरा के रहने वाले एक नाबालिग युवक ने जेल में बंद अपने साथी लक्की की तस्वीर साझा करते हुए इंस्टाग्राम पर ‘मिस यू भाई’ लिखकर एक पोस्ट डाली थी। इस पोस्ट को देखते ही विरोधी गुट के समीर और बाजवा नामक युवकों ने तीखा विरोध जताया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर ही जुबानी जंग छिड़ गई और कमेंट्स व मैसेज के जरिए एक-दूसरे को भद्दी-भद्दी गालियां दी जाने लगीं। इसके बाद से ही दोनों पक्षों के बीच भारी तनाव और रंजिश पनप रही थी।
देर रात हथियारों और पत्थरों के साथ पहुंचे 10-12 युवक, नाबालिग को घेरा
सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे इसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। समीर और बाजवा अपने 10 से 12 अज्ञात साथियों को साथ लेकर डड्डूमाजरा स्थित नाबालिग के घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर के बाहर नाबालिग को अकेला पाकर चारों तरफ से घेर लिया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। खुद को घिरता देख नाबालिग ने फौरन फोन कर अपने पिता सुरेश को मौके पर बुला लिया। पिता जब बेटे को बचाने के लिए आगे बढ़े, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया और ईंट-पत्थरों से वार कर उनका सिर फोड़ दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
फॉर्च्यूनर के शीशे तोड़े, एक्टिवा को किया आग के हवाले; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
हमलावर इतने पर ही शांत नहीं हुए, उन्होंने घर के बाहर पार्क की गई सुरेश की फॉर्च्यूनर कार पर ईंट-पत्थर बरसाकर उसके सभी शीशे और बॉडी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी हंगामे के बीच जब नाबालिग का एक अन्य परिचित बिल्ला अपने साथी के साथ हालात देखने एक्टिवा से पहुंचा, तो उपद्रवियों ने उसकी एक्टिवा को निशाना बनाया और पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी, जिससे गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना मलोया पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है और घायल पिता के बयानों पर समीर, बाजवा और उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ की धाराओं के तहत केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी शुरू कर दी है।




In Chandigarh, a post on Instagram reading “Miss you, brother” triggered a violent clash; 12 youths attacked a minor’s home




