जालंधर: जालंधर वेस्ट हलके के तहत घास मंडी के पास स्थित जैनल नगर में सोमवार को एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के रिहायशी क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी शरारती तत्व द्वारा गोदाम के अंदर जलता हुआ पटाखा फेंक दिया गया था, जिससे निकली चिंगारी ने वहां रखे सूखे कबाड़, गत्ते और प्लास्टिक को फौरन पकड़ लिया। पटाखा फेंकने के बाद आरोपी युवक तुरंत मौके से फरार हो गया।
डेढ़ घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड, स्थानीय लोगों ने खुद शुरू किया बचाव कार्य
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और गोदाम संचालक ने फौरन दमकल विभाग को सूचित किया। पीड़ित पक्ष का गंभीर आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी करीब एक से डेढ़ घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। जब तक सरकारी मदद पहुंची, तब तक स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने बाल्टियों व मोटरों के जरिए खुद ही आग पर काबू पाने की मशक्कत शुरू कर दी थी। पीड़ित का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो लाखों रुपये का भारी आर्थिक नुकसान होने से बचाया जा सकता था।
कबाड़ में कांच की बोतलों के जोरदार धमाके, जानी नुकसान से रहा बचाव
इलाका निवासी रिंकू सहित अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि इस भयानक अग्निकांड में गनीमत यह रही कि किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, रिहायशी इलाके के भीतर खुले में कबाड़ का भारी स्टॉक रखने को लेकर स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला। चश्मदीदों के मुताबिक, आग की तपिश इतनी अधिक थी कि गोदाम में रखी कांच की सैकड़ों बोतलें और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं धमाकों के साथ फटने लगीं, जिससे आसपास के घरों को भी खतरा पैदा हो गया था। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि घनी आबादी वाले मोहल्लों से ऐसे कबाड़ के गोदामों को तत्काल बाहर किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
4 गाड़ियों की क्षमता वाले बड़े टैंकर से पाया जा रहा काबू, आबादी से बाहर गोदाम शिफ्ट करने की मांग
दमकल विभाग के कर्मचारी सहोता ने बताया कि सूचना मिलने के बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। संकरी गलियों और भीषण आग को देखते हुए विभाग द्वारा चार सामान्य गाड़ियों की क्षमता वाले एक बड़े विशेष वाटर टैंकर को मौके पर तैनात किया गया, जिसकी मदद से लगातार पानी की बौछारें कर आग को फैलने से रोका गया। दमकल कर्मियों ने भी माना कि रिहायशी बस्तियों के बीच इस तरह के संवेदनशील गोदामों का संचालन बेहद खतरनाक है और सुरक्षा की दृष्टि से इन्हें तुरंत शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाना चाहिए। कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।




Massive fire breaks out at a scrap warehouse in Jalandhar; incident triggered by miscreants throwing firecrackers




