जालंधर: जालंधर महानगर के प्रमुख व सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्रों में शुमार माईं हीरां गेट बाजार में बेखौफ चोरों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए इलाके की दो दुकानों को अपना निशाना बनाया। शातिर चोर दुकानों के ताले चटकाकर गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने एक दुकान से करीब एक हजार रुपये और दूसरी दुकान से 7 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया। चोरी की यह पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
बाइक पर आए दो नकाबपोश, सब्बल से ताले तोड़कर शटर के नीचे से घुसे अंदर
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि देर रात बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक बाजार में पहुंचे। एक चोर के हाथ में लोहे की सब्बल थी, जिसकी मदद से उसने पलक झपकते ही दुकान के ताले तोड़ डाले। इसके बाद एक चोर शटर को थोड़ा सा ऊपर उठाकर रेंगते हुए दुकान के भीतर दाखिल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी बाहर बैठकर पहरेदारी करता रहा। चंद मिनटों के भीतर भीतर घुसा चोर गल्ले से पूरी नकदी चुराकर बाहर निकला और दोनों मौके से फरार हो गए। एक पीड़ित दुकानदार ने बताया कि ये चोर दो दिन पहले ग्राहक बनकर दुकान की रेकी करने भी आए थे। इसके बाद चोरों ने बांसल नामक व्यक्ति की दुकान को भी इसी अंदाज में निशाना बनाया।
एक महीने में 7 दुकानों में चोरी, पुलिस गश्त न होने से व्यापारियों में भारी रोष
लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कारोबारियों का कहना है कि माईं हीरां गेट में दशकों से ऐसा माहौल कभी नहीं देखा गया, लेकिन बीते एक महीने के भीतर 6 से 7 दुकानों में ताबड़तोड़ चोरियां हो चुकी हैं। इससे पहले भी बाजार में स्थित एक आटा चक्की, किरण बुक शॉप और चार अन्य दुकानों को चोर अपना निशाना बना चुके हैं। दुकानदारों का आरोप है कि वे कई बार पुलिस अधिकारियों से रात के समय गश्त बढ़ाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन इलाके में पुलिस का कोई पहरा नजर नहीं आता।
पुलिस की कार्यशैली से निराश दुकानदार, अब शिकायत दर्ज कराने से भी किया परहेज
हैरानी की बात यह है कि ताजा वारदात के बाद पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से भी साफ मना कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस को बार-बार शिकायत देने के बावजूद कोई नतीजा नहीं निकलता और पुरानी दर्जनों शिकायतों के बाद भी पुलिस अब तक एक भी चोरी का सुराग नहीं लगा पाई है। लगातार बढ़ती वारदातों और पुलिस की निष्क्रियता से क्षुब्ध दुकानदारों का कहना है कि अगर जल्द ही रात्रि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए और चोरों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।




Menace of thieves in Jalandhar’s Mai Hiran Gate; locks of 2 more shops broken and cash stolen




