मोहाली: पंजाब के कई बड़े विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में लगातार हो रहे छात्र प्रदर्शनों और सोशल मीडिया पर तेजी से फैलती अफवाहों ने राज्य पुलिस और प्रशासनिक महकमे की नींद उड़ा दी है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता और किसी भी संभावित तोड़फोड़ या साजिश की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन को पुलिस अधिकारियों के साथ सीधा और खुला संवाद तंत्र (Communication Channel) स्थापित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
चितकारा, LPU और मोहाली कॉलेज में छात्रों का फूटा गुस्सा
हाल के दिनों में फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), बनूड़ के पास चितकारा यूनिवर्सिटी और मोहाली के फेज-6 स्थित शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज में अलग-अलग मुद्दों को लेकर छात्रों ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया है। हालांकि हर संस्थान में विरोध के कारण अलग-अलग हैं, लेकिन माहौल बिगड़ने के खतरे को देखते हुए पुलिस कोई भी जोखिम उठाने को तैयार नहीं है। बनूड़ स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रा की कथित मौत की अफवाह को लेकर दो दिनों तक भारी बवाल चला। पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप चहल ने खुद कैंपस पहुंचकर छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने साफ किया है कि कैंपस में किसी छात्रा की मौत नहीं हुई है और अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर जांच की जा रही है। उधर मोहाली के सरकारी कॉलेज में बीकॉम के छात्रों ने दो साल से अंकतालिका (DMC) न मिलने पर अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी पहुंचे DIG और SSP, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
हालांकि घड़ूंआं स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में ऐसी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है, फिर भी एहतियाती कदम उठाते हुए रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह और मोहाली के एसएसपी वरुण शर्मा ने सोमवार को सीधे यूनिवर्सिटी कैंपस का दौरा किया। दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। मोहाली पुलिस ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और कल्याण को पुख्ता करना, कैंपस में भयमुक्त माहौल बनाना और पुलिस व प्रबंधन के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करना था। पुलिस ने अधिकारियों से कहा है कि यदि छात्रों की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होता है, तो वे सीधे नजदीकी थाना प्रभारी (SHO) से संपर्क साध सकते हैं।
एयरपोर्ट रोड पर जाली विदेशी नोट फेंकने का वीडियो वायरल, अफवाहों से बचने की अपील
इस बीच, मोहाली के सेक्टर 71-77 चौक के पास एयरपोर्ट रोड पर विदेशी करेंसी के जाली नोट फेंकने और उसके बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मोहाली पुलिस ने तुरंत स्थिति स्पष्ट करते हुए इस मामले की सच्चाई सामने रखी और जनता व छात्रों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले असत्यापित वीडियो और अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें, क्योंकि असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की ताक में हैं।


Police on alert amidst unrest and rumors in Punjab’s educational institutions; protests held at campuses ranging from Chitkara to LPU




