चंडीगढ़: पंजाब में बेतहाशा बढ़े हुए और गलत बिजली बिलों की मार झेल रहे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पंजाब सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्देश जारी किए हैं कि जब तक बिलिंग प्रणाली की तकनीकी खामियों को पूरी तरह दुरुस्त नहीं कर लिया जाता, तब तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। बिल ठीक होने और सिस्टम स्थिर होने तक डिफॉल्ट के आधार पर कनेक्शन काटने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
मीटर रीडरों की हड़ताल और नए सिस्टम माइग्रेशन से बिगड़ा गणित
PSPCL के डायरेक्टर (डिस्ट्रीब्यूशन) द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों में स्वीकार किया गया है कि हाल ही में मीटर रीडरों की राज्यव्यापी हड़ताल और विभाग के पुराने SAP/Non-SAP सिस्टम को नए ओरेकल आधारित स्मार्ट बिलिंग सिस्टम (SBS) में स्थानांतरित (माइग्रेट) किए जाने के चलते भारी तकनीकी अड़चनें पैदा हुईं। इस वजह से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की वास्तविक मीटर रीडिंग नहीं हो सकी और उन्हें औसत या काल्पनिक (Assumptive) खपत के आधार पर बिल जारी कर दिए गए। नतीजा यह हुआ कि लोगों को असल खपत से कई गुना अधिक राशि के बिल थमा दिए गए।
फील्ड दफ्तरों में शिकायतों का अंबार, डिफॉल्टर कार्रवाई पर पूरी तरह रोक
गलत बिलों के कारण हजारों उपभोक्ताओं के सिस्टम में लाखों रुपये का बकाया दर्ज हो गया, जिसके चलते उन पर डिफ़ॉल्टर होने और कनेक्शन कटने की तलवार लटक गई थी। राज्य भर के PSPCL फील्ड दफ्तरों में उपभोक्ताओं की शिकायतों की बाढ़ आ गई। इसे देखते हुए विभाग ने सभी जोनल मुख्य इंजीनियरों और अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि केवल विवादित या तकनीकी गड़बड़ी से उपजे बिलों के आधार पर किसी भी उपभोक्ता को डिफ़ॉल्टर मानकर उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई या कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू न की जाए।
बिल सुधरने के बाद ही होगी वास्तविक वसूली
सरकारी अधिकारियों ने साफ किया है कि इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सिस्टम और तकनीकी गलतियों का खामियाजा आम जनता को न भुगतना पड़े। फील्ड स्टाफ को युद्धस्तर पर बिलिंग सिस्टम को स्थिर करने और त्रुटिपूर्ण बिलों में संशोधन करने के निर्देश दिए गए हैं। जब सभी गलत बिलों की वास्तविक मीटर रीडिंग के आधार पर समीक्षा कर उन्हें ठीक कर दिया जाएगा, तभी उपभोक्ताओं से उनके वैध बिल की वसूली की जाएगी। तब तक किसी भी घर की बत्ती गुल नहीं होगी।


Major relief for Punjab’s electricity consumers: connections will not be disconnected over incorrect and exorbitant bills.




