You are currently viewing FBI की टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में आया गैंगस्टर गोल्डी बराड़, सूचना देने वाले को मिलेगा 9.5 करोड़ रुपए का इनाम

FBI की टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में आया गैंगस्टर गोल्डी बराड़, सूचना देने वाले को मिलेगा 9.5 करोड़ रुपए का इनाम

वाशिंगटन: अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने भारत के कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर अब तक का सबसे बड़ा शिकंजा कस दिया है। एफबीआई ने गोल्डी बराड़ को अपनी ‘टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल करते हुए उसकी गिरफ्तारी या सुराग देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 9.5 करोड़ रुपये) का भारी-भरकम नकद इनाम देने की घोषणा की है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने बराड़ को हथियारबंद, बेहद हिंसक और खतरनाक करार देते हुए आम जनता को सीधे तौर पर उससे दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।

उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कमान, निज्जर हत्याकांड से जुड़ा तार
एफबीआई के दस्तावेजों के अनुसार, गोल्डी बराड़ भारत के सबसे बड़े और खतरनाक लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध सिंडिकेट का उत्तरी अमेरिका में मुख्य ऑपरेशनल हेड है। अमेरिकी जांच में खुलासा हुआ है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने ही जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की टारगेट किलिंग की साजिश रची थी। निज्जर की हत्या को लेकर अमेरिकी न्याय विभाग ने जुलाई में औपचारिक चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें सिंडिकेट की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूनी साजिशों की पोल खोली गई थी।

जेल की सलाखों से लॉरेंस का ग्लोबल नेटवर्क, तस्करी और वसूली का साम्राज्य
अमेरिकी सरकार और खुफिया एजेंसियों ने अपनी जांच रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि तिहाड़ समेत भारतीय जेलों में बंद होने के बावजूद लॉरेंस बिश्नोई वहां से बेखौफ होकर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा है। जेल के भीतर अवैध तरीके से तस्करी कर पहुंचाए गए अत्याधुनिक मोबाइल फोनों और सुरक्षित इंटरनेट कॉलिंग डिवाइसेज के जरिए वह लगातार गोल्डी बराड़ के संपर्क में रहता है। जेल की चारदीवारी से ही टारगेट किलिंग, व्यापारियों से करोड़ों की रंगदारी, अपहरण, अंतरराष्ट्रीय हथियार व ड्रग्स तस्करी और मानव तस्करी जैसे संगीन अपराधों के सीधे निर्देश जारी किए जाते हैं।

अमेरिका-कनाडा में छिपे होने का अंदेशा, दुनिया भर में तलाश तेज
जांच एजेंसियों के मुताबिक, सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का कथित मुख्य साजिशकर्ता गोल्डी बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था और उसके बाद से वह अमेरिका (खासकर कैलिफोर्निया) और कनाडा के अलग-अलग ठिकानों के बीच लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। एफबीआई, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) और इंटरपोल अब मिलकर इस वैश्विक सिंडिकेट के बचे हुए प्रमुख गुर्गों की धरपकड़ के लिए बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चला रहे हैं।

Gangster Goldy Brar added to FBI’s ‘Top 10 Most Wanted’ list; 9.5 crore reward for information