You are currently viewing एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी में बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खुले में पड़ा हजारों क्विंटल धान भीगकर बर्बादी की कगार पर

एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी में बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खुले में पड़ा हजारों क्विंटल धान भीगकर बर्बादी की कगार पर

पटियाला: एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडियों में शुमार राजपुरा अनाज मंडी में कुदरत के बदले मिजाज ने किसानों के माथे पर गहरी चिंता की लकीरें खींच दी हैं। मंडी में धान की आवक करीब 10 दिन पहले ही शुरू हो चुकी थी और फड़ों पर धान के ऊंचे-ऊंचे ढेर लगे हुए हैं। हालांकि, अचानक शुरू हुई बेमौसम बारिश के कारण खुले आसमान के नीचे पड़ी किसानों की मेहनत पानी में भीगकर बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है। खेतों से लेकर मंडी तक किसान खुद को पूरी तरह बेबस महसूस कर रहे हैं।

खेत से मंडी तक बर्बादी: शेड फुल, तिरपाल का नहीं इंतजाम
मंडी में अपनी फसल लेकर पहुंचे किसानों का दर्द छलक पड़ा। हालात ऐसे हैं कि जो धान कटकर मंडी आ चुका है, वह खुले आसमान के नीचे बारिश में भीग रहा है और जो फसल खेतों में खड़ी है, वह भी तेज बारिश से खराब हो रही है। किसानों का आरोप है कि मंडी प्रशासन की तरफ से पर्याप्त शेड का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया है। मंडी में बने गिने-चुने शेड पहले से ही धान की बोरियों और ढेरों से खचाखच भरे पड़े हैं, जिसके चलते हजारों क्विंटल धान खुले में छोड़ना पड़ा। बारिश से धान की बोरियां और ढेर पानी में तर-बतर हो गए हैं।

1 अक्टूबर से खरीद का फरमान, किसान बोले- इस बर्बादी का जिम्मेदार कौन?
किसानों ने बेहद गमगीन और आक्रोशित लहजे में सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए हैं। किसानों का कहना है कि सरकार ने आधिकारिक तौर पर धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू करने का फैसला किया है, जबकि फसल काफी पहले पककर मंडियों में पहुंच चुकी थी। किसानों ने सवाल किया कि समय पर खरीद शुरू न होने और मंडी में उचित शेड व तिरपाल के अभाव में जो फसल आज बारिश में भीगकर बर्बाद हो रही है, उसका जिम्मेदार आखिर कौन है? मौसम की इस बेरुखी और सरकारी लेटलतीफी के चलते अन्नदाता की जान हलक में अटकी हुई है।

Rain has heightened farmers’ concerns at Asia’s largest grain market, with thousands of quintals of paddy lying in the open