जालंधर: पंजाब पुलिस की छवि पर बट्टा लगाने वाले एक नशेड़ी पुलिसकर्मी की पहचान कमिश्नरेट पुलिस ने कर ली है। ड्रग्स के नशे में मदहोश हालत में पकड़े गए इस मुलाजिम का नाम वरिंदरजीत सिंह है, जो कि जालंधर पुलिस लाइन में तैनात है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लिया है और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी है।
14 अगस्त से ड्यूटी से गायब, सैलरी भी हो चुकी है बंद
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी हेडक्वार्टर कम एसीपी नॉर्थ करनैल सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो कुछ समय पुराना है। हालांकि, वीडियो में नजर आ रहा मुलाजिम वरिंदरजीत सिंह 14 अगस्त से ही अपनी सरकारी ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा है। लगातार बिना सूचना के गायब रहने की इसी लापरवाही के चलते विभाग द्वारा पहले ही उसका वेतन (सैलरी) रोका जा चुका है। एसीपी ने स्पष्ट किया कि आरोपी मुलाजिम के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और उसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं।
शिव नगर नागरा के लोगों ने रंगे हाथों पकड़कर बनाया था वीडियो
गौरतलब है कि शिव नगर नागरा इलाके के बाशिंदों ने इस पुलिसकर्मी को नशे की हालत में बुरी तरह बेसुध देखकर घेर लिया था और उसका वीडियो बना लिया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह मुलाजिम अक्सर वर्दी का रौब दिखाकर इलाके में नशा करने पहुंच जाता है, जिससे मोहल्ले के बच्चों और युवाओं पर बेहद गलत असर पड़ रहा है। परेशान लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, ताकि पुलिस के आलाधिकारियों तक इस खाकीधारी की करतूत पहुंच सके। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस पुलिसकर्मी का नशा करते हुए एक वीडियो वायरल हो चुका था। पुलिस अब उसके खिलाफ सख्त कानूनी व विभागीय एक्शन की तैयारी में है।


Action taken against a police officer found heavily intoxicated in Jalandhar; departmental inquiry initiated against Varinderjit




