जालंधर: शहर के बस्ती शेख इलाके में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात थाना डिवीजन नंबर 5 के अंतर्गत पड़ते घास मंडी चौक में स्थित एक मेडिकल स्टोर को शातिर चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने सब्बल से दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी समेत इनवर्टर व बैटरी चोरी कर फरार हो गए। सुबह घटना का पता चलते ही इलाके के दुकानदारों में भारी रोष और दहशत का माहौल बन गया।
सुबह पहुंचे तो 2 फीट ऊपर उठा मिला दुकान का शटर
दुकान मालिक संदीप गुप्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे रोजमर्रा की तरह रात को ‘रामा मेडिकल हॉल’ सही-सलामत बंद करके घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान का शटर सब्बल से तोड़कर करीब दो फुट ऊपर उठाया गया था। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।
गल्ले से नकदी और इनवर्टर-बैटरी गायब
संदीप गुप्ता के मुताबिक, चोरों ने दुकान के गल्ले को खंगालकर उसमें रखे करीब 3500 रुपये की नकदी साफ कर दी। इतना ही नहीं, चोर दुकान में लगा भारी-भरकम इनवर्टर और उसकी बैटरी भी खोलकर साथ ले गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी आसानी से मौके से रफूचक्कर होने में कामयाब रहे।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी थाना 5 की पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के बयान दर्ज कर आसपास की दुकानों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।


Brazen thieves run amok in Jalandhar; they rip open a medical store’s shutter and make off with cash and an inverter-battery




