You are currently viewing पंजाब में महिला SHO पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार; केस दर्ज

पंजाब में महिला SHO पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार; केस दर्ज

मोगा: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो ने एक और बड़ा एक्शन लेते हुए कोट ईसे खां थाने की महिला एसएचओ (SHO) सुनीता रानी को 50 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों धर दबोचा है। फिरोजपुर विजिलेंस की टीम ने यह कार्रवाई एक शिकायतकर्ता की अर्जी पर जाल बिछाकर की। महिला थाना प्रभारी की इस तरह गिरफ्तारी के बाद से समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

केस में मदद के बदले मांगी थी 50 हजार की घूस
मिली जानकारी के मुताबिक, नूरपुर हकीमा निवासी राजविंदर सिंह ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी थी कि एक मामले में मदद करने की एवज में एसएचओ सुनीता रानी लगातार उनसे पैसों की मांग कर रही थीं। रिश्वत की रकम 50 हजार रुपये तय की गई थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने पूरे मामले से विजिलेंस अधिकारियों को अवगत कराया और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।

महिला इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम ने बिछाया जाल
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर फिरोजपुर विजिलेंस ब्यूरो ने महिला एसएचओ को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। इस ऑपरेशन के लिए विजिलेंस इंस्पेक्टर गगनप्रीत कौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। योजनाबद्ध तरीके से जैसे ही शिकायतकर्ता ने शनिवार देर शाम तय जगह पर 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि एसएचओ सुनीता रानी को सौंपी, विजिलेंस टीम ने तुरंत दबिश देकर उन्हें काबू कर लिया।

देर रात तक चली पूछताछ, केस दर्ज
रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद विजिलेंस टीम आरोपी एसएचओ को हिरासत में लेकर सीधे अपने दफ्तर पहुंची। वहां देर रात तक आरोपी अधिकारी से मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की गई। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Major action by the Vigilance Bureau against a female SHO in Punjab; arrested red-handed while accepting a bribe