You are currently viewing पंजाब में ‘चिट्टे’ का कहर, पंखे-बर्तन और मां के कपड़े तक बेच गया 22 साल का बेटा, नशा न मिलने पर तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

पंजाब में ‘चिट्टे’ का कहर, पंखे-बर्तन और मां के कपड़े तक बेच गया 22 साल का बेटा, नशा न मिलने पर तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

मोगा: पंजाब में नशे के धीमे जहर ने एक और हंसते-खेलते परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया है। मोगा जिले के कस्बा धर्मकोट के अंतर्गत आते गांव जलालाबाद में चिट्टे (हेरोइन) की लत के चलते 22 वर्षीय नौजवान जसकरण सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि जसकरण पिछले करीब 10 सालों से नशे के दलदल में फंसा हुआ था। पिछले कुछ दिनों से जब उसे नशा नहीं मिला, तो उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उसने दम तोड़ दिया।

नशे के लिए बेच दी बाइक, एलसीडी और मां के कपड़े
मृतक के लाचार पिता सिकंदर सिंह ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि जसकरण जो भी मजदूरी करता था, उसकी पाई-पाई चिट्टे में उड़ा देता था। जब पैसे खत्म हो जाते, तो वह नशे की तलब मिटाने के लिए घर का सामान बेचने लगता। आरोपी बेटे ने घर की एलसीडी, मोटरसाइकिल, पंखे, बर्तन और यहां तक कि अपनी मां के कपड़े तक बेच डाले थे। दोनों बेटों को इस दलदल से निकालने के लिए पिता ने कर्ज लेकर 12 हजार रुपये महीना फीस भरकर प्राइवेट नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। छोटा बेटा तो सुधर गया, लेकिन 6 महीने केंद्र में रहने के बाद जसकरण दोबारा इसी लत की गिरफ्त में आ गया।

अस्पताल ले जाने के लिए नहीं थे पैसे, लोगों से मांगकर ले गए
परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि नशे की वजह से घर पूरी तरह बर्बाद हो चुका था। जब नशा न मिलने के कारण जसकरण की तबीयत बिगड़ी, तो उसके इलाज के लिए जेब में एक रुपया तक नहीं बचा था। पड़ोसियों और ग्रामीणों से पैसे उधार मांगकर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसने रास्ते में ही तड़पते हुए दम तोड़ दिया। मृतक की मां ने दर्द बयां करते हुए कहा कि गांव में चिट्टा चीनी की तरह खुलेआम बिक रहा है और इलाके के 10-12 अन्य नौजवान भी इसी आग में झुलस रहे हैं।

गांव में बिक रहा जहर, सरकार से नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की गुहार
परिवार ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से हाथ जोड़कर गुहार लगाई है कि गांव जलालाबाद और आसपास के इलाकों में नशा सप्लाई करने वाले तस्करों पर तुरंत सख्त नकेल कसी जाए, ताकि किसी और मां की गोद न उजड़े। उधर, मामले को लेकर थाना धर्मकोट के एसएचओ जतिंदर सिंह ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

The havoc of ‘Chitta’ in Punjab: A 22-year-old son sold off everything—from fans and utensils