फिरोजपुर: पंजाब में नशे और अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच पुलिस महकमे के भीतर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। फिरोजपुर जिला पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात इंस्पेक्टर बलदेव सिंह (56) को भारी मात्रा में नशे की खेप और हथियारों के जखीरे के साथ रंगे हाथों दबोचा है। आरोपी के कब्जे से 3 किलो 350 ग्राम हेरोइन, 6 पिस्तौल, 4 मैगजीन, 17 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन और एक आई-20 कार बरामद की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को इस तस्करी के तार सीमा पार पाकिस्तान से जुड़े होने का गहरा अंदेशा है।
गुप्त सूचना पर टोल प्लाजा पर बिछाया जाल, धौंस दिखाने लगा आरोपी
थाना घल्ल खुर्द की पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था कि इंस्पेक्टर बलदेव सिंह अपनी आई-20 कार (PB05AC-6517) में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार लेकर मोगा रोड की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात फिरोजपुर-मोगा मार्ग पर स्थित फिरोजशाह टोल प्लाजा पर विशेष नाकाबंदी कर दी। जैसे ही आरोपी की कार वहां पहुंची, जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया। गाड़ी रोकते ही आरोपी इंस्पेक्टर ने वर्दी का रौब झाड़ते हुए अपना परिचय दिया और पुलिसकर्मियों पर भड़क गया। तलाशी की बात कहने पर उसने उल्टे ऑन-ड्यूटी जवानों को उनके खिलाफ कार्रवाई करवाने की धमकियां देना शुरू कर दिया।
तलाशी में खुला काला सच, कार से बरामद हुआ मौत का सामान
पुलिसकर्मियों ने आरोपी के दबाव में आए बिना सख्ती दिखाई और उसे तत्काल हिरासत में लेकर गाड़ी की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के भीतर से 3.350 किलो हेरोइन, 6 पिस्टल और कारतूसों की खेप बरामद होते ही अधिकारियों के होश उड़ गए। पुलिस ने मौके से आरोपी की कार और उसके पास से मिले 6 मोबाइल फोन तुरंत जब्त कर लिए। आरोपी के खिलाफ थाना घल्ल खुर्द में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच, 6 मोबाइल फोन की तकनीकी जांच शुरू
मामले का खुलासा करते हुए फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे किन तस्करों तक पहुंचाया जाना था। एसएसपी ने बताया कि तस्करी के नेटवर्क का पाकिस्तान कनेक्शन होने का गहरा संदेह है। आरोपी के पास से बरामद सभी 6 मोबाइल फोनों को साइबर व तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए यह साफ हो सके कि वह देश और विदेश में किन-किन बड़े नशा तस्करों व असामाजिक तत्वों के संपर्क में था।


Khaki disgraced in Punjab: Counter-Intelligence Inspector arrested with 3.35 kg of heroin and 6 pistols




