अमृतसर: पंजाब के सीमावर्ती और बेहद संवेदनशील जिले अमृतसर में शरारती तत्वों द्वारा माहौल खराब करने की नापाक कोशिश सामने आई है। शहर के सबसे व्यस्त और मुख्य केंद्र माने जाने वाले भंडारी पुल की दीवार पर शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने खालिस्तान और आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के समर्थन में विवादित नारे लिख दिए। शनिवार सुबह जब राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की नजर इन देशविरोधी नारों पर पड़ी, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई।
मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स, नारों पर तुरंत फेरा काला पेंट
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दलबल के साथ भंडारी पुल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाला और माहौल बिगड़ने से पहले ही दीवार पर लिखे नारों पर काला पेंट पुतवा दिया, जिससे लिखे गए विवादित संदेश पूरी तरह मिट गए। पुलिस ने मौके का मुआयना कर घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
सबसे व्यस्त इलाके में सुरक्षा पर उठे सवाल, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
भंडारी पुल अमृतसर शहर की जीवन रेखा माना जाता है, जहां दिन-रात वाहनों और आम नागरिकों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे अति-व्यस्त और प्रमुख स्थल पर देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा दीवार पर नारे लिख जाना पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हरकत किस समय की गई और इसमें कितने लोग शामिल थे।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भंडारी पुल और उससे जुड़ने वाले सभी रास्तों पर लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि रात के समय संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि माहौल खराब करने की साजिश रचने वाले शरारती तत्वों को जल्द ही बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


Pro-Khalistan and pro-Pannun slogans were found painted on a wall in Amritsar




