चंडीगढ़: असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर पंजाब की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में अमृतपाल सिंह दो विधानसभा सीटों से अपनी किस्मत आजमाएंगे। उनकी नवगठित राजनीतिक पार्टी ‘अकाली दल-वारिस पंजाब दे’ की तरफ से इस चुनावी रणनीति पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। पार्टी पहले ही अमृतपाल सिंह को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपना मुख्यमंत्री (CM) चेहरा घोषित कर चुकी है।
मनप्रीत अयाली ने की पुष्टि, पार्लियामेंट्री बोर्ड तय करेगा 2 सीटें
अकाली दल-वारिस पंजाब दे के वरिष्ठ नेता और विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने इस बात की औपचारिक पुष्टि करते हुए कहा कि अमृतपाल सिंह का दो सीटों से चुनाव लड़ना पूरी तरह तय है। हालांकि, वे कौन सी दो सीटों से मैदान में उतरेंगे, इसका अंतिम निर्णय पार्टी का पार्लियामेंट्री बोर्ड करेगा। अयाली ने यह भी संकेत दिया कि अमृतपाल सिंह आम आदमी पार्टी (AAP) के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ उनकी पारंपरिक सीट धूरी से भी चुनावी ताल ठोक सकते हैं।
चार सीटों पर चल रहा मंथन, धूरी और खडूर साहिब सबसे आगे
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, अमृतपाल सिंह के लिए मुख्य रूप से चार विधानसभा सीटों पर गहन मंथन चल रहा है। इनमें धूरी, खडूर साहिब, तलवंडी साबो और रामपुरा फूल की सीटें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अमृतपाल खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान के गढ़ धूरी से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं ताकि मुकाबले को सीधे तौर पर हाई-प्रोफाइल बनाया जा सके। वहीं, खडूर साहिब विधानसभा सीट उनके मौजूदा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जहां से उन्होंने जेल में रहते हुए भी रिकॉर्ड मतों से बड़ी जीत हासिल की थी। पार्टी का मानना है कि दो अलग-अलग क्षेत्रों (माझा और मालवा) से चुनाव लड़कर अमृतपाल पूरे पंजाब के चुनावी समीकरणों को सीधा प्रभावित करेंगे।


Punjab Assembly Elections 2027: MP Amritpal, currently lodged in Dibrugarh Jail, to contest from two seats




