You are currently viewing IDFC बैंक में 657 करोड़ के घोटाले में CBI का बड़ा खुलासा, IAS अफसरों ने लिए थे सोने के सिक्के, कैश और एस्कॉर्ट्स; लुटाया सरकारी खजाना

IDFC बैंक में 657 करोड़ के घोटाले में CBI का बड़ा खुलासा, IAS अफसरों ने लिए थे सोने के सिक्के, कैश और एस्कॉर्ट्स; लुटाया सरकारी खजाना

चंडीगढ़: हरियाणा के प्रशासनिक गलियारों में अब तक का सबसे बड़ा और सनसनीखेज वित्तीय घोटाला सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की गहन जांच में खुलासा हुआ है कि हरियाणा के कई वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों ने बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये की हेराफेरी करवाई। इसके बदले इन अधिकारियों ने कथित तौर पर भारी-भरकम कैश, सोने के सिक्के, लग्जरी होटलों में पार्टियां, महंगी शराब और महिला एस्कॉर्ट्स की सेवाएं रिश्वत के रूप में लीं। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank) और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank) के जरिए हरियाणा के आठ विभागों और चंडीगढ़ प्रशासन के दो विभागों से कुल 657 करोड़ रुपये का गबन किया गया, जिसमें अकेले हरियाणा के 504 करोड़ रुपये शामिल हैं।

डांस पार्टियां, विदेशी कलाकार और नोटों की बारिश; IAS पंकज अग्रवाल पर गंभीर आरोप
सीबीआई जांच के अनुसार, घोटाले के मुख्य सूत्रधार और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पूर्व मैनेजर रिभव ऋषि ने 2000 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को लुभाने के लिए जमकर अय्याशी के इंतजाम किए। जांच में सामने आया कि जीरकपुर स्थित जेड मैनर में आयोजित 10 डांस पार्टियों में से 4 पार्टियां अग्रवाल के कहने पर रखी गई थीं। इन महफिलों में दिल्ली से महिला डांसर्स और कलाकारों को बुलाया जाता था और हर बार 20, 50 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियों से 15 से 20 लाख रुपये नर्तकियों पर बरसाए जाते थे। पार्टी आयोजकों और एक एस्कॉर्ट ने सीबीआई के समक्ष पुष्टि की कि अधिकारियों के लिए मोहाली, चंडीगढ़ और दिल्ली के 5-सितारा होटलों में कमरे बुक कराए जाते थे और भारी रकम चुकाई जाती थी। अग्रवाल के कार्यकाल के दौरान उनके विभागों के खातों से 60.54 करोड़ रुपये की अवैध निकासी की गई।

सोने के सिक्के, हवाला से ट्रांसफर और होटलों के महंगे बिल
जांच एजेंसी ने अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की भूमिका का भी पर्दाफाश किया है। 1991 बैच के आईएएस अधिकारी विनीत गर्ग जब हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन थे, तो उन्हें दिवाली के आसपास 50-50 ग्राम के दो सोने के सिक्के उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर पहुंचाए गए। गर्ग और 2011 बैच के आईएएस प्रदीप कुमार पर बैंक अफसरों से मिलीभगत कर सरकारी खजाने को 159.96 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। वहीं 2012 बैच के आईएएस अधिकारी राम कुमार सिंह पर 118.46 करोड़ रुपये के फंड को ठिकाने लगाने के बदले 2.5 करोड़ रुपये की घूस लेने का आरोप है, जिसमें से 50 लाख रुपये चंडीगढ़ में नकद दिए गए और बाकी 2 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दिल्ली में उनके बेटे तक पहुंचाए गए।

बिना मंजूरी खोले गए बैंक खाते, ‘सुकून’ व्हाट्सएप ग्रुप से खुले राज
इसके अलावा 2002 बैच के आईएएस मोहम्मद शाइन पर आरोप है कि उन्होंने रिभव ऋषि से करीब 1.67 लाख रुपये के महंगे फूड, बेवरेज और शराब के बिलों का भुगतान करवाया। वहीं 2005 बैच के आईएएस साकेत कुमार पर आरोप है कि उन्होंने बिना किसी कोटेशन और वित्त विभाग की मंजूरी के सिर्फ मौखिक आदेश देकर चिन्हित बैंकों में खाते खुलवाए, जिससे सरकारी खजाने को 89.23 करोड़ रुपये की चपत लगी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी बैंक अधिकारियों और अफसरों ने ‘सुकून’ नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बना रखा था, जिसमें लेन-देन से जुड़े कोडवर्ड इस्तेमाल किए जाते थे। आईएएस अधिकारी डीके बेहरा ने भी इस जांच में अपने बयान दर्ज कराए हैं। पुख्ता डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद अब सीबीआई आरोपियों पर शिकंजा और कसने की तैयारी में है।

Major CBI revelation in the 657 crore IDFC Bank scam: IAS officers accepted gold coins, cash, and escorts