पठानकोट: पठानकोट में पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 30 वर्षीय युवक पंकज का शव एयरफोर्स स्टेशन के अंदर बहने वाली नहर से बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते पंकज को काम के बहाने घर से ले जाकर बेरहमी से हत्या करने और शव को नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।
काम का झांसा देकर ले गए थे तीन युवक
मृतक की मां सुनीता देवी ने रोते हुए बताया कि 22 सितंबर को गांधीनगर के रहने वाले तीन युवक पंकज को किसी काम के बहाने घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि वे उसे जंगल की तरफ ले गए और वहां उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिसके बाद से पंकज रहस्यमयी ढंग से गायब था। तलाश के दौरान परिजनों और पुलिस को नहर के किनारे पंकज का मोबाइल फोन और उसकी चप्पलें लावारिस हालत में मिली थीं, जिससे उसके नहर में बहने या फेंके जाने की आशंका गहरा गई थी।
NDRF ने नौशहरा नाले से निकाला शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन ने एनडीआरएफ (NDRF) की टीम के सहयोग से यूबीडीसी नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने पंकज का शव नौशहरा नाले के पास से बरामद कर लिया। मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों का कहना है कि पंकज के सिर, पीठ और पूरे शरीर पर गंभीर चोटों व मारपीट के गहरे निशान हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। मृतक दुकान पर काम कर अपने परिवार का गुजारा करता था और अपने पीछे पत्नी व दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
घटनास्थल पर पहुंचे थाना सुजानपुर के प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहराई से जांच जारी है।


Body of youth missing for three days found in Air Force station canal; injury marks on head and back




