लुधियाना: लुधियाना स्थित टिब्बा क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गली में खेलने निकले तीन नाबालिग बच्चे रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए। दोपहर में घर से निकले तीनों बच्चे जब काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। सगे भाई-बहन समेत पड़ोस की एक किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने निजी स्वार्थ के चलते बच्चों को अपनी अवैध हिरासत में छिपा रखा हो सकता है।
खेलने का कहकर निकले थे घर से, फिर नहीं लौटे
गांव जगीरपुर, टिब्बा रोड निवासी शिकायतकर्ता नरिंदर कौर ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी 12 वर्षीय बेटी प्रभदीप कौर और 11 वर्षीय बेटा अरशदीप सिंह पड़ोस में रहने वाली जसविंदर वर्मा की 16 वर्षीय बेटी राधिका के साथ बाहर गली में खेलने गए थे। कुछ समय बीतने के बाद तीनों अचानक वहां से गायब हो गए। परिजनों ने आसपास के तमाम इलाकों, परिचितों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। पीड़ितों के माता-पिता मजदूरी और छोटी सी किराने की दुकान चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं।
मेहरबान इलाके के CCTV में दिखे तीनों बच्चे, पुलिस ने खंगाले 25 से अधिक कैमरे
घटना की सूचना मिलते ही थाना टिब्बा पुलिस हरकत में आ गई और इलाके के 25 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान तीनों बच्चे मेहरबान इलाके में लगे एक कैमरे में पैदल जाते हुए कैद पाए गए हैं। राहत की बात यह है कि फुटेज में उनके साथ कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखाई दे रहा है, फिर भी पुलिस हर एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों ने अलर्ट जारी करते हुए लुधियाना के सभी थानों और चौकियों में बच्चों के हुलिए व तस्वीरें भेज दी हैं।
BNS की धारा 127(6) में केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना टिब्बा की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि बच्चों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। मेहरबान क्षेत्र से मिली फुटेज के आधार पर आगे के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले किया जाएगा।


Three young children who went out to play from home have gone missing under suspicious circumstances




