You are currently viewing पंजाब में बेखौफ बदमाशों का तांडव, घर के बाहर बुलाकर महिला सरपंच के कानों से नोचीं सोने की बालियां, धक्का देकर हुए फरार; CCTV में वारदात कैद

पंजाब में बेखौफ बदमाशों का तांडव, घर के बाहर बुलाकर महिला सरपंच के कानों से नोचीं सोने की बालियां, धक्का देकर हुए फरार; CCTV में वारदात कैद

अमृतसर: अमृतसर स्थित सैदोलेहल गांव में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली है। गांव की मौजूदा महिला सरपंच अमरजीत कौर के घर के बाहर अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने उनके कानों से सोने की बालियां झपट लीं और धक्का देकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब जांच में जुटी है।

बातों में उलझाया, फिर कानों से झपट लीं बालियां
पीड़िता अमरजीत कौर ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि वह घर के भीतर थीं और उनकी पोती बाहर एक्टिवा धो रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और पोती से सरपंच को बाहर बुलाने को कहा। जैसे ही अमरजीत कौर बाहर आईं, एक युवक ने किसी का घर पूछने और मुर्गों के बारे में बात करने के बहाने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया, जबकि दूसरा युवक बाइक स्टार्ट किए तैयार खड़ा था। बातों में उलझाते ही शातिर युवक ने अचानक झपट्टा मारा और सरपंच के दोनों कानों की सोने की बालियां नोच लीं।

पकड़ने की कोशिश में जमीन पर गिरीं सरपंच, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात के तुरंत बाद अमरजीत कौर ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन धक्का-मुक्की के दौरान वह सड़क पर गिर पड़ीं और आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर भाग निकले। मामले की सूचना मिलते ही थाना तरसिक्का की पुलिस टीम हरकत में आई। पुलिस अधिकारी कर्म सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 113 दर्ज कर लिया गया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध बाइक से भागते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का दावा है कि बाइक नंबर और हुलिए के आधार पर लुटेरों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Brazen criminals run amok in Punjab; a female Sarpanch had her gold earrings torn from her ears after being lured out of her home