You are currently viewing पंचायत में समझौता कराने पहुंचे थे पति-पत्नी, सास के आरोप पर भड़की बहू ने पति को दनादन जड़ दिए थप्पड़; बोली- बता किसके साथ भागी हूं…

पंचायत में समझौता कराने पहुंचे थे पति-पत्नी, सास के आरोप पर भड़की बहू ने पति को दनादन जड़ दिए थप्पड़; बोली- बता किसके साथ भागी हूं…

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में प्रेम विवाह का एक बेहद नाटकीय और हैरान कर देने वाला अंत देखने को मिला। मानवाधिकार संगठन (मालवा जोन) की प्रधान कमलजीत कौर के कार्यालय में घरेलू कलह सुलझाने और राजीनामा करने पहुंचे पति-पत्नी के बीच भरी पंचायत में जमकर हाथापाई हो गई। सास द्वारा लगाए गए एक गंभीर आरोप के बाद पत्नी इस कदर आपा खो बैठी कि उसने सबके सामने पति का कॉलर पकड़कर दो जोरदार थप्पड़ जड़ दिए। इस पूरे ‘थप्पड़ कांड’ का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है, जिसके बाद दोनों पक्षों ने पंचायती तौर पर तलाक लेकर रिश्ते का अंत कर लिया।

तूने मेरी इज्जत खराब कर दी: सास के आरोप पर भड़की पत्नी
वायरल वीडियो में समझौते की मेज पर बैठे पति-पत्नी और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। बातचीत के दौरान ही लड़के की मां ने पंचायत के सामने आरोप मढ़ दिया कि बहू किसी अन्य व्यक्ति के साथ भागने की फिराक में थी। यह सुनते ही पत्नी पूजा रानी आगबबूला हो गई। उसने तैश में आकर अपने पति मंजिंदर से कहा, “तूने मेरी इज्जत खराब कर दी, बता मैं किसके साथ भागी थी?” इतना कहते ही उसने आव देखा न ताव, पति का गिरेबान पकड़ लिया और दनादन दो थप्पड़ जड़ दिए। पंचायत में मौजूद लोग जब तक बीच-बचाव करते, माहौल पूरी तरह गरमा चुका था।

फैक्ट्री में काम करते-करते हुआ था प्यार, फिर की थी लव मैरिज
जानकारी के अनुसार, पूजा रानी मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले के गांव पिंडारी की रहने वाली है, जबकि उसका पति मंजिंदर सिंह लुधियाना का स्थानीय निवासी है और चुप्पकी गांव स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। दोनों पहले एक ही संस्थान में साथ काम करते थे। साथ काम करने के दौरान दोनों में प्यार हुआ और उन्होंने विवाह करने का फैसला किया। बता दें कि पूजा रानी की यह दूसरी शादी थी।

पहले पति से मिलने और जेठानी पर प्रताड़ना के आरोप
शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद गहराने लगा था। मंजिंदर और उसके परिजनों का आरोप है कि पूजा छिपकर अपने पहले पति और अपनी बेटी से मिलने जाती है, जिसे लेकर आए दिन घर में कलह होती थी। वहीं दूसरी ओर, पूजा का आरोप है कि ससुराल पक्ष उसे बेवजह मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है और उसकी जेठानी घर में जानबूझकर विवाद खड़ा कर उसे परेशान करती है।

सुलह की मेज पर बिगड़ी बात, पंचायत में ही टूटा रिश्ता
घर की चारदीवारी से निकलकर विवाद जब बढ़ा, तो दोनों पक्ष रिश्ता बचाने की आखिरी उम्मीद लेकर मानवाधिकार संगठन के दफ्तर पहुंचे थे ताकि आपसी गिले-शिकवे दूर किए जा सकें। लेकिन अविश्वास और पुराने आरोपों के चलते सुलह का मंच अखाड़े में तब्दील हो गया। भरी पंचायत में थप्पड़ चलने और हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों परिवारों ने सुलह से साफ इनकार कर दिया और आपसी सहमति से पंचायती तलाक लेकर अलग होने का फैसला कर लिया।

A husband and wife had arrived at the panchayat to reach a settlement; enraged by her mother-in-law’s accusations