You are currently viewing जालंधर में चटपटा खाने वाले सावधान! एक ही तेल में बार-बार फ्राई कर रहे रेहड़ी वाले, 5 सैंपल फेल; फूड सेफ्टी विभाग ने सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ा

जालंधर में चटपटा खाने वाले सावधान! एक ही तेल में बार-बार फ्राई कर रहे रेहड़ी वाले, 5 सैंपल फेल; फूड सेफ्टी विभाग ने सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ा

 

जालंधर: शहर में रेहड़ी-फड़ी और हलवाई की दुकानों पर बिकने वाले समोसे, पकौड़े और टिक्की का चटपटा स्वाद लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकता है। फूड सेफ्टी विभाग द्वारा की गई जांच में एक ही तेल को बार-बार उबालकर इस्तेमाल करने का खुलासा हुआ है, लेकिन विभाग ने सख्त कदम उठाने के बजाय दोषी दुकानदारों को महज चेतावनी देकर छोड़ दिया है।

56 में से 5 सैंपल फेल, तय मानकों से घटिया निकला तेल

फूड सेफ्टी विभाग की मोबाइल टेस्टिंग वैन ने अप्रैल से अगस्त माह के दौरान जालंधर के अलग-अलग इलाकों में औचक दबिश दी। इस दौरान कड़ाही में इस्तेमाल हो रहे गर्म कुकिंग ऑयल के 56 सैंपल एकत्र किए गए। मोबाइल लैब में हुई ऑन-द-स्पॉट जांच में 5 सैंपल पूरी तरह फेल पाए गए। जांच रिपोर्ट में यह तेल तय मानकों से बेहद घटिया और स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक साबित हुआ। जांच के दौरान कई स्ट्रीट वेंडर्स ने सैंपल देने में आनाकानी भी की थी।

महीना-दर-महीना सैंपलिंग के आंकड़े

  • अप्रैल: 23 सैंपल लिए गए, जिनमें से 21 पास और 2 फेल हुए।
  • मई: 10 सैंपल लिए गए, सभी 10 पास रहे।
  • जून: 13 सैंपल लिए गए, जिनमें 11 पास और 2 फेल पाए गए।
  • जुलाई: 5 सैंपल लिए गए, सभी 5 पास निकले।
  • अगस्त: 5 सैंपल लिए गए, जिनमें 4 पास और 1 फेल रहा।

एडवाइजरी: तलने के बाद बचे हुए तेल का दोबारा इस्तेमाल न करें

फूड सेफ्टी विभाग के सहायक कमिश्नर राजिंदर पाल ने बताया कि कुकिंग ऑयल में टोटल पोलर कंपाउंड्स (TPC) की मात्रा 25% से अधिक नहीं होनी चाहिए। एक ही तेल को बार-बार गर्म करने और तलने से यह सीमा पार हो जाती है, जो कैंसर और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ाती है। उन्होंने सभी दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कड़ाही में बचे हुए तेल का दोबारा इस्तेमाल बिल्कुल न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगली बार नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Attention food lovers in Jalandhar! Street vendors are repeatedly frying food in the same oil; five samples failed tests