लुधियाना: शहर के पक्खोवाल रोड स्थित नामी होटल इंपीरियल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां ठहरे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग एनआरआई प्रॉपर्टी डीलर ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सराभा नगर निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इंग्लैंड में रहते थे। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
मास्टर चाबी से कमरा खोला तो बिस्तर पर पड़ा मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक, सतनाम सिंह रविवार को होटल इंपीरियल की 5वीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 508 में ठहरे थे। सोमवार सुबह जब काफी देर तक उन्होंने कमरे का दरवाजा नहीं खोला और फोन कॉल्स का भी कोई जवाब नहीं दिया, तो होटल प्रबंधन को शक हुआ। होटल स्टाफ ने मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर जब कमरा खोला तो अंदर सतनाम सिंह मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
बहनों पर प्रॉपर्टी विवाद में झूठी FIR कराने का आरोप
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते होटल पहुंच गए। मृतक के बेटे समरदीप ने अपनी बुआओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता इंग्लैंड में रहते थे और उन्हें सोची-समझी साजिश के तहत प्रॉपर्टी के झूठे मुकदमों में फंसाया गया था। बेटे ने बताया कि सराभा नगर स्थित 300 गज की पुश्तैनी कोठी को लेकर बहनों द्वारा लगातार दबाव और धमकियां दी जा रही थीं। झूठी एफआईआर में पूरे परिवार का नाम घसीटकर पिता को मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया गया कि वे जान देने को मजबूर हो गए।
गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने की चेतावनी
बेटे समरदीप ने दावा किया कि उनके पिता के पास से मिले सुसाइड नोट में उन 5 से 7 लोगों के नाम दर्ज हैं, जो उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना दे रहे थे। परिजनों का कहना है कि वे रविवार तक पिता के साथ इंग्लैंड वाले नंबर पर संपर्क में थे और उन्हें यह भी खबर नहीं थी कि वे भारत लौटकर होटल में रुके हैं। बेटे ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक पिता को खुदकुशी के लिए उकसाने वाले सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती, तब तक परिवार शव का अंतिम संस्कार नहीं करेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और बयानों की गहनता से पड़ताल के बाद बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


NRI property developer swallows poison at Hotel Imperial, reveals anguish in suicide note




