You are currently viewing कनाडा में पंजाबी परिवार में खूनी खेल, पत्नी के पेट पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार; मां और बच्चों के सामने हत्या

कनाडा में पंजाबी परिवार में खूनी खेल, पत्नी के पेट पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार; मां और बच्चों के सामने हत्या

ओंटारियो: कनाडा के ओंटारियो प्रांत से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 41 वर्षीय पंजाबी मूल के व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपनी सास और दो मासूम बच्चों के सामने पत्नी के पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस खौफनाक मंजर को देखकर सास अपने दोनों नाती-पोतों को लेकर जान बचाकर बाहर भागी। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को मौके से ही धर दबोचा।

चीख-पुकार के बाद जान बचाकर बाहर भागे बच्चे और नानी
यह खूनी वारदात 15 सितंबर की शाम करीब 6:25 बजे लंदन शहर के समरसाइड कम्युनिटी स्थित चैलटन रोड के एक मकान में घटी। वारदात के वक्त घर में 41 वर्षीय आरोपी मनदीप सिंह, उसकी पत्नी, दोनों बच्चे और सास मौजूद थे। पड़ोसियों के मुताबिक, अचानक घर से तेज चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। इसके तुरंत बाद घबराई हुई हालत में महिला (नानी) अपने दोनों बच्चों को लेकर बदहवास होकर घर से बाहर दौड़ी। परिजनों की यह हालत देख पड़ोसियों को किसी बड़ी अनहोनी का अहसास हुआ और उन्होंने बिना देरी किए इमरजेंसी पुलिस को कॉल कर दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
सूचना मिलते ही लंदन पुलिस की टीम चैलटन रोड स्थित मकान पर पहुंची। घर का दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देख पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। महिला खून से लथपथ फर्श पर गंभीर हालत में तड़प रही थी। पुलिस और पैरामेडिक्स की टीम ने उसे फौरन प्राथमिक मेडिकल सहायता देकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी पति पर सेकंड डिग्री मर्डर का केस दर्ज
वारदात स्थल से ही पुलिस ने आरोपी पति मनदीप सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेकंड डिग्री मर्डर का गंभीर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, जांच एजेंसी ने अभी आरोपी की आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि घरेलू झगड़े के पीछे असली विवाद क्या था।

पंजाबी समुदाय में दहशत का माहौल
पड़ोसियों का कहना है कि यह परिवार इस इलाके में काफी समय से रह रहा था और किसी को अंदेशा नहीं था कि ऐसा खौफनाक कदम उठाया जा सकता है। लंदन पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, शहर में इस साल अब तक यह हत्या की चौथी वारदात है, जबकि इलाके में किसी महिला की हत्या का यह पहला मामला दर्ज किया गया है। विदेश की धरती पर घटी इस जघन्य घटना के बाद से स्थानीय भारतीय और पंजाबी समुदाय में भारी शोक और चिंता का माहौल है।

Bloody incident involving a Punjabi family in Canada: wife repeatedly stabbed in the abdomen