चंडीगढ़: पंजाब में भीषण बिजली संकट, अघोषित पावर कट और किसानों व उद्योगपतियों के बढ़ते आक्रोश के बीच राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। पंजाब सरकार ने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के प्रशासनिक सचिव और सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग का तबादला कर दिया है। उनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं प्रमुख सचिव गुरकीरत किरपाल सिंह को बिजली विभाग और PSPCL की कमान सौंपी गई है। वहीं, गुरकीरत किरपाल सिंह के पास मौजूद उद्योग विभाग के सभी प्रभार अब डॉ. बसंत गर्ग संभालेंगे।
कोयला संकट और 16,000 मेगावाट पहुंची मांग बनी चुनौती
प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाने वाले गुरकीरत किरपाल सिंह के सामने बिजली विभाग को पटरी पर लाने की कठिन चुनौती होगी। राज्य के थर्मल पावर प्लांट गंभीर कोयला संकट से जूझ रहे हैं। इस साल पंजाब में बिजली की मांग पिछले साल के मुकाबले 3,500 मेगावाट बढ़कर लगभग 16,000 मेगावाट तक पहुंच चुकी है, जबकि कोयले की अनियमित आपूर्ति के कारण उत्पादन सिमटकर करीब 6,000 मेगावाट रह गया था। सरकार और मांग के बीच इस भारी अंतर के चलते राज्यभर में लंबे और अघोषित कट लगाने पड़ रहे थे।
सड़कों पर उतरे किसान और उद्योगपति, हाईवे जाम की दी थी चेतावनी
अनियमित और लंबे बिजली कटों को लेकर किसानों और उद्योगपतियों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया था। विभिन्न इलाकों में किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं उत्पादन ठप होने से नाराज उद्योगपतियों ने लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे जाम करने तक की चेतावनी दे डाली थी। पंजाब सरकार का तर्क रहा है कि केंद्र की तरफ से थर्मल प्लांट्स को पर्याप्त कोयला न मिलने के कारण मजबूरी में बिजली कटौती करनी पड़ रही है।
मंगलवार से नहीं लगेंगे कट, किसानों को मिलेगी 10 घंटे निर्बाध बिजली: मंत्री सोंध
विवाद और विरोध के बीच उद्योग मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने लुधियाना में राहत भरी घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंगलवार से राज्यभर में बिजली कटौती पूरी तरह बंद हो जाएगी। उद्योग मंत्री ने भरोसा दिलाया कि निजी संयंत्रों समेत पंजाब के सभी थर्मल पावर प्लांट अब पूरी क्षमता से चालू हो चुके हैं। इसके चलते किसानों को रोजाना 10 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई दी जाएगी और औद्योगिक इकाइयों को भी किसी तरह के बिजली कट का सामना नहीं करना पड़ेगा।


Amid the power crisis in Punjab, a major administrative reshuffle has taken over the reins of the PSPCL




