You are currently viewing हॉकी के महाकुंभ से गूंजेगा पंजाब, भारत-पाक समेत 6 टीमें टकराएंगी, दर्शकों की एंट्री बिल्कुल मुफ्त; CM मान ने खोला 25 करोड़ का खजाना

हॉकी के महाकुंभ से गूंजेगा पंजाब, भारत-पाक समेत 6 टीमें टकराएंगी, दर्शकों की एंट्री बिल्कुल मुफ्त; CM मान ने खोला 25 करोड़ का खजाना

चंडीगढ़: खेल प्रेमियों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर सामने आई है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 की मेजबानी के लिए पंजाब पूरी तरह तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो जारी करते हुए ऐतिहासिक ऐलान किया कि आगामी 27 अक्टूबर से जालंधर में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का भव्य आगाज होगा, जबकि खिताबी मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली के मैदान पर खेला जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सरकार ने 25 करोड़ 40 लाख रुपये का भारी-भरकम बजट मंजूर किया है। खेल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के लिए स्टेडियम में एंट्री पूरी तरह फ्री रखी गई है।

जालंधर में आगाज और मोहाली में खिताबी जंग, मैदान में उतरेंगे धुरंधर

इस टूर्नामेंट में मेजबान भारत और चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के अलावा जापान, मलेशिया, चीन और दक्षिण कोरिया की टीमें अपनी श्रेष्ठता साबित करने उतरेंगी, जबकि ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों के रूप में शामिल किया गया है। हॉकी इंडिया के खिलाड़ियों की मौजूदगी में सीएम मान ने खेल ढांचे को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी हॉकी इंडिया लीग (HIL) में अब पंजाब की अपनी पुरुष और महिला दोनों टीमें मैदान में दमखम दिखाती नजर आएंगी। सरकार जूनियर और सीनियर स्तर पर भी राज्यस्तरीय हॉकी लीग शुरू करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है।

खिलाड़ियों को मिलेगा ‘मक्के दी रोटी-सरसों दा साग’, वाघा बॉर्डर और गोल्डन टेंपल का होगा दीदार

विदेशी और राष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों को पंजाब के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराने की खास योजना तैयार की गई है। मैदानों में पसीना बहाने के साथ-साथ खिलाड़ियों को जालंधर की विश्वप्रसिद्ध स्पोर्ट्स इंडस्ट्री का दौरा भी कराया जाएगा। इसके अलावा उन्हें अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब, बाघा बॉर्डर और ऐतिहासिक जलियांवाला बाग ले जाया जाएगा, ताकि वे पंजाब की विरासत को करीब से महसूस कर सकें। मेहमान खिलाड़ियों की खातिरदारी में पारंपरिक पंजाबी जायके भी परोसे जाएंगे, जिसमें खास तौर पर सरसों का साग और मक्के की रोटी शामिल रहेगी।

दिग्गज हॉकी सितारों का होगा सम्मान, हर मैच में सजेगी सांस्कृतिक महफिल

आयोजन को यादगार बनाने के लिए हर मुकाबले के दौरान पंजाब की लोक कला और संस्कृति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। खेल में बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियां रखी जाएंगी। इसके साथ ही देश और दुनिया में पंजाब का नाम रोशन करने वाले पूर्व व दिग्गज हॉकी ओलंपियनों को विशेष रूप से मंच पर सम्मानित किया जाएगा। सरकार का दावा है कि विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं और दर्शकों के भारी उत्साह के बीच यह टूर्नामेंट पंजाब में खेलों के एक नए युग की शुरुआत करेगा।

Punjab will resonate with the grand hockey event, featuring six teams, including India and Pakistan, with free spectator entry