You are currently viewing वैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ भीषण हादसा, टेम्पो ट्रैवलर और टिप्पर की टक्कर में 2 लोगों की दर्दनाक मौत; 50 मीटर तक बिखरे टुकड़े

वैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ भीषण हादसा, टेम्पो ट्रैवलर और टिप्पर की टक्कर में 2 लोगों की दर्दनाक मौत; 50 मीटर तक बिखरे टुकड़े

गुरदासपुर: अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित बटाला में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर आगे चल रहे एक टिप्पर से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी के टुकड़े करीब 50 मीटर तक सड़क पर बिखर गए। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

उधोवाल अड्डे के पास टिप्पर चालक की लापरवाही से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा सुबह करीब 6 बजे हाईवे पर बने उधोवाल अड्डे के पास हुआ। ‘पांडे टूर एंड ट्रैवल’ बटाला के सदस्य सुदेश कुमार बोबिया ने बताया कि गलती आगे चल रहे टिप्पर ड्राइवर की थी, जिसने मुख्य हाईवे से नीचे स्लिप रोड की तरफ उतरने के लिए अचानक अपनी गाड़ी मोड़ दी।

सुबह का समय होने के कारण हाईवे पर ट्रैफिक कम था और पीछे से आ रही टेम्पो ट्रैवलर की रफ्तार तेज थी। टिप्पर के अचानक मुड़ने के कारण ट्रैवलर के ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे टिप्पर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही ट्रैवलर की छत तक उखड़ गई और सभी यात्री गाड़ी के मलबे के अंदर ही फंस गए।

श्रीनगर और कटरा घूमकर लौट रहे थे सभी यात्री, मानसा के हैं रहने वाले

इस टेम्पो ट्रैवलर में ड्राइवर समेत कुल 15 लोग सवार थे, जो मानसा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग एक कंपनी टूर के तहत माता वैष्णो देवी और श्रीनगर घूमने गए थे। श्रीनगर का दौरा पूरा करने के बाद उन्होंने कटरा में दो दिन बिताए और वहां से रात करीब 10 बजे वापस घर के लिए रवाना हुए थे। इन यात्रियों को अमृतसर में कुछ देर रुकने के बाद बठिंडा के तलवंडी साबो में ड्रॉप होना था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही वे इस भयानक हादसे का शिकार हो गए।

मलबे में फंसे यात्रियों को पुलिस ने निकाला, घायलों की हालत नाजुक

हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस और सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

सभी घायलों को पहले बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी क्रिटिकल कंडीशन को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल रेफर कर दिया है। घायलों में से एक यात्री के सिर पर गहरी चोट है, जबकि गाड़ी के ड्राइवर की हालत भी बेहद गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस के कब्जे में, फरार टिप्पर चालक पर कार्रवाई शुरू

मौके पर पहुंचे एसएसएफ चौकी इंचार्ज हरदियाल जौहल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हाईवे से हटा दिया गया है ताकि ट्रैफिक सुचारू रूप से चल सके। पुलिस ने अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायलों और उनके परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले फरार टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Horrific accident involving pilgrims returning from Vaishno Devi; two people killed tragically in a collision