You are currently viewing कालका रेलवे स्टेशन पर CBI का बड़ा एक्शन, सेवानिवृत्त कर्मचारी से घूस लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

कालका रेलवे स्टेशन पर CBI का बड़ा एक्शन, सेवानिवृत्त कर्मचारी से घूस लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़: चंडीगढ़ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कालका रेलवे स्टेशन पर तैनात एक क्लर्क को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के लंबित भत्ते की राशि जारी करने के एवज में इस घूस की मांग कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रजनीश के रूप में हुई है। सीबीआई ने आरोपी क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सेवानिवृत्त ट्रैकमैन के बेटे ने दर्ज कराई थी शिकायत

सीबीआई में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई हिमांशु सिंह नामक युवक की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता हिमांशु सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मनोहर विहार का रहने वाला है और वर्तमान में मोहाली के साईं माजरा में रह रहा है। उसने 29 मई 2026 को सीबीआई के पास इस भ्रष्टाचार को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में हिमांशु ने बताया कि उसके पिता सुंदर सिंह, हिमाचल प्रदेश के टकसाल रेलवे स्टेशन पर ट्रैकमैन के पद पर तैनात थे और 31 अगस्त 2023 को वहां से सेवानिवृत्त हुए थे।

भत्ते की राशि पास करने के बदले मांगी थी घूस

सेवानिवृत्ति के बाद सुंदर सिंह के कुछ भत्तों का भुगतान होना बाकी था, जिसके लिए उनके बेटे हिमांशु को कालका रेलवे स्टेशन के चक्कर काटने पड़ रहे थे। आरोप है कि कालका रेलवे स्टेशन पर तैनात क्लर्क रजनीश ने इस लंबित राशि को जारी करने के बदले में रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने आरोपों की सत्यता जांची और जाल बिछाकर आरोपी क्लर्क रजनीश को ₹10,000 की रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। सीबीआई अब आरोपी के अन्य रिकॉर्ड्स और संपत्तियों की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है।

Major CBI action at Kalka Railway Station; clerk arrested red-handed while accepting a bribe from a retired employee.